पाकिस्तान में उप प्रधानमंत्री के पोते समेत 8 पर विदेशी महिलाओं के अपहरण और गैंगरेप के आरोप तय
पाकिस्तान में लाहौर की एक अदालत ने गैंगरेप के एक मामले में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार के पोते रजा डार सहित 8 लोगों पर आरोप तय कर दिए हैं।
सभी आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया है। इस मामले की सुनवाई 9 दिसंबर से शुरू होने वाली है। अभी ये सभी न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे, जब तक कि अभियोजन पक्ष अपने गवाहों को पेश करने की तैयारी नहीं कर लेता।
मामले 2 विदेशी महिलाओं के अपहरण और गैंगरेप से जुड़ा है। मामले में बड़े लोगों के शामिल होने की वजह से पूरे पाकिस्तान में इसकी खूब चर्चा हो रही है।
डच और वेनेजुएला की महिलाओं ने लगाया रेप का आरोप
यह पूरा मामला नीदरलैंड की स्टेफनी अदनाना माऊ-अरुण और वेनेजुएला की एस्ट्रिड रॉबिन्सन बाराचो नाम की 2 विदेशी महिलाओं से जुड़ा है।
इन महिलाओं का कहना है कि जून 2026 में जब वे लाहौर घूमने आई थीं, तब डार और उसके साथियों ने उन्हें अपहरण कर उनका गैंगरेप किया।
महिलाओं ने यह भी बताया कि उनसे जबरदस्ती 19,500 डॉलर (लगभग 16 लाख रुपये) ट्रांसफर करवाए गए थे। वे एक कार दुर्घटना के बाद किसी तरह भागने में कामयाब हो पाईं।
दिलचस्प बात यह है कि पहले पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में डार को क्लीन चिट दे दी थी। लेकिन, इस नए आरोप तय होने से पुरानी रिपोर्ट पर सवाल उठ गए हैं।