LOADING...
इजरायल-अमेरिकी हमले में 85 छात्राओं की मौत, ईरान का भी जवाबी हमला; अब तक क्या-क्या हुआ?

इजरायल-अमेरिकी हमले में 85 छात्राओं की मौत, ईरान का भी जवाबी हमला; अब तक क्या-क्या हुआ?

लेखन आबिद खान
संपादन भारत शर्मा
Feb 28, 2026
11:06 pm

क्या है खबर?

मध्य-पूर्व में महीनों से पनप रहे तनाव ने आज युद्ध की शक्ल ले ली है। अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर हमला कर दिया है। राजधानी तेहरान समेत ईरान के कुछ और शहरों में हवाई हमले हुए हैं। इनमें 85 स्कूली छात्राओं की मौत हो गई। जवाब में ईरान ने भी इजरायल पर मिसाइलें दागी हैं। अमेरिका ने इस अभियान को ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' और इजरायल ने 'रोअरिंग लायन' नाम दिया है। आइए बड़े घटनाक्रम जानते हैं।

हमले

ईरान में कहां-कहां हुए हमले?

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, राजधानी तेहरान के अलावा करमानशाह, लोरेस्टन, तबरीज, इस्फहान और करज शहरों भी धमाके हुए। तेहरान में सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय के पास भी धमाका हुआ। रॉयटर्स ने बताया कि खामेनेई तेहरान में नहीं हैं और उन्हें एक सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया है। ईरान की तस्नीम एजेंसी ने बताया कि तेहरान के उत्तरी सैय्यद खानदान इलाके में भी धमाके हुए हैं। पश्चिमी इलम प्रांत में भी बमबारी की खबर है।

नेतृत्व

खामेनेई-पेजेश्कियान को निशाना बनाकर किए गए हमले

एक इजरायली अधिकारी का कहना है कि हमलों में खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान को निशाना बनाया गया था। अधिकारी का कहना है कि हमलों के नतीजे अभी साफ़ नहीं हैं। वहीं, ईरान की तस्नीम एजेंसी ने बताया था कि पेजेश्किया पूरी तरह ठीक हैं। इजरायल के चैनल 12 ने कहा कि इजरायल का अंदाजा है कि हमलों ने ईरानी नेतृत्व को खत्म करने के मकसद में 'बहुत बड़ी कामयाबी' हासिल की है।

Advertisement

पलटवार

ईरान ने मध्य-पूर्व में अमेरिकी सैन्य अड्डों को बनाया निशाना, 100 सैनिकों की मौत

ईरान ने पलटवार करते हुए मध्य-पूर्व में स्थित कई अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले किए। ईरान ने कतर में अल-उदीद एयर बेस, कुवैत में अल-सलेम एयर बेस, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अल-धफरा एयर बेस और बहरीन में 5 अमेरिकी बेस पर मिसाइलें दागीं। इन हमलों में 100 अमेरिकी सैनिकों की मौत की खबर है। अबू धाबी में एक शख्स की मौत हुई है। कतर ने कहा कि उसने ईरान द्वारा दागी गईं सभी मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

कतर में मिसाइल का मलबा गिरने से दहशत

मौतें

ईरान में 85 छात्राओं की मौत, लोगों से तेहरान छोड़ने की अपील

ईरान ने कहा कि देश के दक्षिण में अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में एक स्कूल की 85 छात्राओं की मौत हो गई है, जबकि 45 अन्य घायल हैं। सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने बताया कि यह स्ट्राइक होर्मोजगान प्रांत के मिनाब में हुई। ईरान की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने तेहरान के लोगों को तत्काल राजधानी छोड़ने की सलाह दी है। इजरायल का दावा है कि ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड के कमांडर जनरल मोहम्मद पाकपुर की हमले में मौत हो गई है।

नेतन्याहू का बयान

नेतन्याहू बोले- अस्तित्व के खतरे को दूर करने के लिए किया अभियान

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक वीडियो मैसेज में कहा, "यह ऑपरेशन इस्लामिक रिपब्लिक से पैदा हुए अस्तित्व के खतरे को दूर करने और ईरानियों के लिए अपनी किस्मत बदलने के हालात बनाने के लिए शुरू किया गया। मैं अपने महान दोस्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके ऐतिहासिक नेतृत्व के लिए धन्यवाद देता हूं। 47 सालों से अयातुल्ला शासन इजरायल ने हमारा खून बहाया है, कई अमेरिकियों की हत्या की है और अपने ही लोगों का कत्लेआम किया है।"

ट्रंप का बयान

ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन के दिए संकेत

ट्रंप ने कहा, "ईरान के महान लोगों से मैं कहता हूं कि आजादी का समय आ गया है। जब हम खत्म कर लें, तो सरकार पर कब्जा कर लें। यह पीढ़ियों के लिए आपका एकमात्र मौका होगा। कई सालों से आपने अमेरिका से मदद मांगी है, लेकिन नहीं मिली। अमेरिका बहुत ताकत के साथ आपका साथ दे रहा है। अब अपनी किस्मत पर काबू करने और उस खुशहाल-शानदार भविष्य को पाने का समय है, जो आपकी पहुंच में है।"

हमला

ईरान ने कुवैत हवाई अड्डे और दुबई पर किए कई हमले

कुवैत के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, ईरान के ड्रोन ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया है। इससे कई कर्मचारी घायल हो गए और यात्री भवन को नुकसान पहुंचा है। इसी तरह दुबई के पाम जुमेराह इलाके में एक होटल पर ईरानी हमले के बाद लगी आग में कम से कम 4 लोग घायल हो गए। बुर्ज खलीफा के पास भी एक जोरदार विस्फोट हुआ है। इस धमाके की गूंज से पूरे डाउनटाउन क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मौत

इजरायल-अमेरिकी हमले में ईरान के जिम में 15 लोगों की मौत

अमेरिका और इजरायल ने देर शाम ईरान पर फिर से हमला किया। AFP की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने कहा कि उसने ईरान में मिसाइल लॉन्चर और हवाई रक्षा प्रणालियों सहित लगभग 500 ठिकानों को निशाना बनाया है। इन हमलों में लामर्द में स्थित एक जिम में 15 लोगों की मौत हो गई। हमले के समय बच्चे इस हॉल में खेल रहे थे और लोग व्यायाम कर रहे थे। हालांकि, ईरान ने रेडियोलॉजिकल प्रभाव से इनकार किया है।

कदम

ईरान ने बंद किया होर्मुज जलडमरूमध्य

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि इजरायल-अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का फैसला किया है। कई टैंकर मालिकों, प्रमुख तेल कंपनियों और व्यापारिक कंपनियों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते कच्चे तेल, ईंधन और द्रवीकृत प्राकृतिक गैस की ढुलाई रोक दी है। एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, "हमारे जहाज कई दिनों तक यहीं खड़े रहेंगे।" फुजैराह जैसे बड़े बंदरगाहों के पास जहाजों का जमावड़ा दिखाई दे रहा है।

Advertisement