LOADING...
इजरायल-अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, ईरान ने भी दागीं मिसाइलें
इजरायल ने ईरान पर हमला किया है

इजरायल-अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, ईरान ने भी दागीं मिसाइलें

लेखन आबिद खान
Feb 28, 2026
02:44 pm

क्या है खबर?

इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि इजरायल ने अपने खिलाफ खतरों को दूर करने के लिए ईरान पर हमला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की राजधानी तेहरान में कुछ जगहों पर धमाके सुने गए हैं। वहीं, इजरायल के भी कई शहरों में साइरन बज रहे हैं। इजरायली सेना ने जरूरी सेवाओं को छोड़कर पूरे देश में पाबंदियां लगा दी हैं।

धमाके

ईरान में 3 जगह सुने गए धमाके

ईरानी मीडिया के मुताबिक, राजधानी के मध्य हिस्से में कम से कम 3 जगह पर धमाकों की आवाज सुनी गई है। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर हमले की पुष्टि नहीं की है। अल जजीरा के मुताबिक, तेहरान में धमाके सुने गए हैं और धुआं उठता देखा गया है। ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि तेहरान में यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हौरी इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं।

आपातकाल

पूरे इजरायल में आपातकाल घोषित

इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने पूरे देश में तुरंत आपातकाल की घोषणा कर दी है। पूरे इजरायल में सायरन बज रहे हैं और IDF होम फ्रंट कमांड ने लोगों को शेल्टर के पास रहने को कहा है। मैसेज में कहा गया है, "सुरक्षा स्थिति के कारण आम लोगों को यह पक्का करना चाहिए कि उन्हें पता हो कि उनके पास सबसे अच्छा सुरक्षित शेल्टर कौन सा है और गैर-जरूरी यात्रा से बचें।"

Advertisement

मिसाइल

ईरान ने भी दागीं मिसाइलें

ईरान ने भी इजरायल पर मिसाइलें दागी हैं। इसे देखते हुए पूरे उत्तरी इजरायल में सायरन बज रहे हैं। इजरायली सेना का कहना है कि वायु रक्षा प्रणालियां मिसाइलों को रोकने के लिए काम कर रहे हैं। सेना ने कहा, "इस समय इजरायली वायु सेना खतरे को रोकने और जहां जरूरी हो, वहां हमला करने के लिए काम कर रही है ताकि खतरा खत्म हो सके।"

Advertisement

जानकारी

ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर किया हमला

रॉयटर्स के मुताबिक, बहरीन के जुफेयर इलाके में धमाके की खबर है। यहां अमेरिकी नौसेना का अड्डा है। ईरान ने पहले कहा था कि संभावित हमले की स्थिति में मध्य-पूर्व में स्थित सभी अमेरिकी अड्डे उसका लक्ष्य होंगे।

एयर स्पेस

इजरायल ने अपना एयर स्पेस बंद किया

इजरायल ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। यातायात मंत्रालय ने कहा, "लोगों से अनुरोध है कि अगली सूचना तक हवाई अड्डों पर न आएं। जो यात्री अभी विदेश में हैं, वे एयरस्पेस खुलने के बाद फ्लाइट शेड्यूल के बारे में मीडिया और अपनी एयरलाइन के जरिए जानकारी लेते रहें। विदेश में रहने वाले इजरायलियों से राष्ट्रीय सुरक्षा काउंसिल के निर्देशों और सुझावों का पालन करने का अनुरोध है। जैसे ही स्थिति ठीक होगी, एयरस्पेस फिर से खोला जाएगा।"

भारत

भारत ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी

तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, "इजरायल में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे बहुत सावधानी बरतें और हर समय चौकन्ने रहें। वे अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अगली सूचना तक इजरायल के अंदर सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें। नागरिकों को समाचार, आपातकालीन अलर्ट और आधिकारिक निर्देशों पर नजर रखने के लिए कहा जाता है।"

कार्यालय

खामेनेई के कार्यालय के पास हुए धमाके

इजरायल के चैनल 12 के मुताबिक, एक सूत्र ने कहा कि ये हमला अमेरिका और इजरायल का संयुक्त ऑपरेशन है। अपुष्ट रिपोर्ट में कहा गया है कि लक्ष्य में से एक ईरान के सुप्रीम लीडर आयातुल्लाह अली खामेनेई का कार्यालय है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरानी नेताओं के घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसमें यह भी कहा गया है कि उन जगहों पर हमला किया गया है, जहां से ईरान इजरायल पर हमला कर सकता है।

Advertisement