Loading...
अल्पमत सरकार या गठबंधन? इजरायल में नेतन्याहू और आइजनकोट के पास क्या-क्या हैं विकल्प?
इजरायल के आम चुनावों में किसी को भी बहुमत नहीं मिला है

अल्पमत सरकार या गठबंधन? इजरायल में नेतन्याहू और आइजनकोट के पास क्या-क्या हैं विकल्प?

लेखन आबिद खान
Oct 29, 2026
04:07 pm

क्या है खबर?

इजरायल में आम चुनाव के लिए 90 प्रतिशत से ज्यादा वोटों की गिनती पूरी हो गई है। इसके बावजूद अभी तक सरकार बनाने का रास्ता साफ नहीं हो सका है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और विपक्षी नेता गादी आइजनकोट दोनों के गठबंधनों को बहुमत के लिए जरूरी सीटें नहीं मिली हैं। वहीं, अरब पार्टियां किंगमेकर बनकर उभरी हैं। ऐसे में सरकार बनाने के लिए जोड़-तोड़ और गठबंधन की संभावनाएं सामने आ रही हैं।

नतीजे

सबसे पहले ताजा चुनावी नतीजे जानिए

इजरायली संसद में 120 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सीटें चाहिए।

अब तक नेतन्याहू का गठबंधन 53 सीटों पर आगे है। वहीं, आइजनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 48 सीटों पर बढ़त बना रखी है। अरब पार्टियां 19 सीटों पर आगे चल रही हैं और निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं।

हालांकि, अभी भी मतगणना जारी है और करीब 8 प्रतिशत वोटों की गिनती बाकी है।

अरब पार्टी

अरब पार्टियों का क्या रुख है?

अरब पार्टियों ने आइजनकोट को गठबंधन से बाहर रहकर समर्थन देने की पेशकश की है। हालांकि उन्होंने उनके साथ सरकार बनाने की प्रतिबद्धता नहीं जताई।

अरब पार्टियों के गठबंधन ने कहा कि उसके सीधे तौर पर किसी गठबंधन में शामिल होने की संभावना नहीं है, लेकिन उसने नेतन्याहू को सत्ता से हटाने वाली किसी भी सरकार के लिए 'सुरक्षा कवच' की पेशकश की है।

मंसूर अब्बास की राआम पार्टी ने आइजनकोट के साथ काम करने की इच्छा जताई है।

ADVERTISEMENT

नेतन्याहू

नेतन्याहू के पास क्या-क्या विकल्प हैं?

नेतन्याहू विपक्षी गठबंधन में शामिल किसी पार्टी या कुछ सांसदों को साथ ला सकते हैं। इसके लिए उन्हें सरकार में शामिल होने या कुछ मांगें मानने का लालच दिया जा सकता है।

हालांकि, ये आसान नहीं है, क्योंकि विपक्षी नेताओं ने नेतन्याहू को सत्ता से हटाने का लक्ष्य रखा था।

उनके पास दूसरी पार्टियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने का भी विकल्प है। इसमें मौजूदा दक्षिणपंथी और धार्मिक सहयोगियों के साथ कुछ विपक्षी नेता शामिल हो सकते हैं।

ADVERTISEMENT

अल्पमत सरकार

नेतन्याहू के पास अल्पमत सरकार का भी विकल्प

नेतन्याहू के पास अल्पमत सरकार चलाने का भी विकल्प है। ये ऐसी सरकार होगी, जिसके पास बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटें न हों, लेकिन विश्वास मत हासिल कर ले।

अगर अरब पार्टियां मतदान से दूर रहें या सरकार के खिलाफ मतदान नहीं करे तो संसद में उपस्थित और वोट करने वाले सांसदों के हिसाब से सरकार विश्वास मत जीत सकती है। हालांकि, ये विकल्प भी इतना आसान नहीं है।

आइजनकोट के विकल्प

आइजनकोट के पास क्या हैं विकल्प?

आइजनकोट के पास सबसे आसान रास्ता अरब पार्टियों के साथ गठबंधन करना होगा। हालांकि, इससे अन्य पार्टियां नाराज हो सकती हैं।

आइजनकोट के पास अल्पमत सरकार का भी विकल्प है। ऐसा तभी हो सकता है, जब संसद में मतदान के दौरान अरब पार्टियां गठबंधन से बाहर रहें या मतदान में भाग न लें।

इजरायली राजनीतिक विश्लेषक ताल एलोवित्ज ने AFP से कहा, "फिलहाल अल्पमत सरकार बनने की संभावना है, लेकिन अंतिम परिणामों के आधार पर बदलाव हो सकता है।"

ADVERTISEMENT