Loading...
जोमैटो में जल्द आएगा 'गेस्ट मोड' फीचर, कैसे करेगा यह काम?
जोमैटो पर जल्द आएगा 'गेस्ट मोड' फीचर

जोमैटो में जल्द आएगा 'गेस्ट मोड' फीचर, कैसे करेगा यह काम?

Oct 29, 2026
01:12 pm

क्या है खबर?

ऑनलाइन खाने का ऑर्डर देते समय कई लोग महंगी डिश चुनने से झिझकते हैं, खासकर जब बिल कोई दूसरा चुका रहा हो। इसी परेशानी को दूर करने के लिए जोमैटो पर जल्द नया फीचर आ सकता है। कंपनी के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने एक यूजर के सुझाव पर कहा है कि इसे इसी हफ्ते शुरू किया जाएगा। इस फीचर का नाम गेस्ट मोड होगा, जिससे मेहमान बिना कीमत देखे अपनी पसंद का खाना चुन सकेंगे।

सुझाव

मेन्यू में नहीं दिखेंगी खाने की कीमतें

इस खास फीचर का सुझाव मार्केटिंग मैनेजर आयुष्मान अग्रवाल ने लिंक्डइन पर दिया था।

उन्होंने कहा कि जोमैटो में ऐसा विकल्प होना चाहिए, जिसमें खाने की कीमतें छिप जाएं। इससे मेजबान अपना फोन मेहमानों को दे सकेंगे और वे बिना झिझक अपनी पसंद का खाना चुन पाएंगे।

सभी लोगों के ऑर्डर चुनने के बाद मेजबान फोन वापस लेकर भुगतान कर सकेगा। इससे महंगी डिश चुनने को लेकर होने वाली परेशानी कम हो सकती है।

उपयोगी

त्योहारों और पार्टियों में मिलेगी मदद

अग्रवाल के मुताबिक, यह फीचर त्योहारों के दौरान खास तौर पर उपयोगी हो सकता है।

ऐसे समय में लोग अक्सर घर पर दोस्तों और रिश्तेदारों को खाने पर बुलाते हैं। मेहमान मोड चालू होने पर सभी लोग बिना कीमतों की चिंता किए मेन्यू देख सकेंगे और अपनी पसंद का खाना चुन सकेंगे।

इससे मेजबान को भी बार-बार फोन संभालने की जरूरत नहीं होगी और ऑर्डर करने का अनुभव पहले से आसान हो सकता है।

ADVERTISEMENT

अन्य

दीपिंदर गोयल ने जल्द शुरू करने का दिया भरोसा

अग्रवाल के इस सुझाव पर जोमैटो के संस्थापक गोयल ने सकारात्मक जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि इस फीचर को इसी हफ्ते शुरू किया जाएगा। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस विचार की तारीफ की और कुछ ने इसमें नए विकल्प जोड़ने के सुझाव भी दिए।

एक यूजर ने कहा कि इसमें बजट तय करने और लोगों की संख्या के आधार पर खाने के सुझाव देने की सुविधा भी होनी चाहिए।

ADVERTISEMENT