इजरायल का इस्फहान हवाई अड्डे पर हमला, F-14 लड़ाकू विमान तबाह किए; ईरान का भी पलटवार
क्या है खबर?
इजरायल ने ईरान के इस्फहान हवाई अड्डे पर हमले कर कई F-14 लड़ाकू विमानों को निशाना बनाया है। इजराइली सेना ने बताया कि इन हमलों में ईरान के कुछ लड़ाकू विमानों के साथ-साथ उसके रडार और वायु रक्षा से जुड़े सिस्टम को भी निशाना बनाया गया। वहीं, ईरान ने दावा किया है कि उसने इजरायल के सबसे बड़े ऑयल रिफाइनरी परिसर पर मिसाइल हमला किया है। यह हमला हाइफा बे स्थित बाजान ग्रुप की रिफाइनरी पर किया गया है।
इजरायल
इजरायली हमले में 11 की मौत
ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी ने बताया कि इजरायल ने इस्फहान में कई वर्कशॉप और एक घुड़सवारी क्लब पर हमला किया है, जिसमें कम से कम 11 लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। इसके अलावा नजफाबाद, अरान, बिदगोल, बरखर, खोमेनी, शाहरेजा, फलावरजान और मोबारकेह शहर पर भी हमले हुए हैं। इजराइली सेना ने कहा कि वह ईरान के सैन्य ढांचे से जुड़े सभी महत्वपूर्ण सिस्टम को निशाना बनाती रहेगी।
ईरान
ईरान बोला- तेल डिपो पर हमले के बाद रिफाइनरी को बनाया निशाना
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि इजरायल की रिफाइनरी पर हमला 'खैबर शेकन' सॉलिड-फ्यूल बैलिस्टिक मिसाइलों से किया गया है। ईरान ने कहा कि हाल ही में ईरान के तेल डिपो और ऊर्जा ढांचे पर हुए अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर कई अपुष्ट वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें रिफाइनरी के आसपास धमाकों और आग के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
तेल
ईरान में नालियों में तेल फैलने से आग लगी
ईरान की राजधानी तेहरान में तेल डिपो पर हमलों के बाद शहर के कई इलाकों में तेल फैल गया है। ये तेल नालियों में पहुंच गया, जिससे सड़कों के किनारे आग की नदी जैसी स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर सामने आई वीडियो में सड़क किनारे नालियों में आग जलती हुई दिखाई दे रही है। ईरान के तेल मंत्रालय ने कहा कि अलबोर्ज प्रांत के करज शहर समेत 3 इलाकों में तेल डिपो पर हमले हुए हैं।
दावा
ईरान का दावा- बहरीन में 21 अमेरिकी नौसेनिकों की मौत
तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने बहरीन के मनामा में स्थित अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े के मुख्यालय पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। दावा है कि इस हमले में 21 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि बेस के रडार सिस्टम, संचार टर्मिनल और कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अमेरिका का कहना है कि हमले के वक्त सैनिक बंकरों में थे।
प्रदर्शन
युद्ध के खिलाफ अमेरिका के कई शहरों में प्रदर्शन
ईरान पर हमले के खिलाफ अमेरिका के व्हाइट हाउस के सामने लोगों ने प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने हाथों में 'ईरान पर युद्ध बंद करो' और 'मध्य-पूर्व में नई लड़ाई नहीं' लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया। सैन फ्रांसिस्को, लॉस एंजिल्स समेत कुछ और शहरों में भी प्रदर्शन हुए हैं। मेक्सिको में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के सामने भी लोगों ने प्रदर्शन किया। वहीं, ब्रिटेन में कुछ ईरानी महिलाओं ने अमेरिका के समर्थन में रैली निकाली।