OpenAI में रोबोटिक्स के प्रमुख ने दिया इस्तीफा, जानिए क्या रही वजह
क्या है खबर?
OpenAI द्वारा अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) के साथ समझौते के बाद कंपनी में रोबोटिक्स और कंज्यूमर हार्डवेयर के प्रमुख कैटलिन कालिनोव्स्की ने इस्तीफा दे दिया है। एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा कि कंपनी ने पेंटागन के गोपनीय क्लाउड नेटवर्क पर अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल तैनात करने पर सहमति देने से पहले पर्याप्त समय नहीं लिया। कैलिनोव्स्की ने पहले मेटा में ऑगमेंटेड रियलिटी ग्लासेज बनाने वाली टीम का नेतृत्व किया था और नवंबर, 2024 में OpenAI में शामिल हुए।
कारण
समझौते को लेकर कही यह बात
एक्स पोस्ट में कालिनोव्स्की ने आगे कहा, "स्पष्ट रूप से कहूं तो, मेरी समस्या यह है कि घोषणा बिना उचित सुरक्षा उपायों को परिभाषित किए जल्दबाजी में की गई। ऐसे सौदे जल्दबाजी में नहीं किया जाना चाहिए।" उन्हाेंने आगे कहा, "राष्ट्रीय सुरक्षा में AI की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन न्यायिक निगरानी के बिना अमेरिकियों की निगरानी और मानवीय अनुमति के बिना घातक हमले करना ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर जितना विचार-विमर्श होना चाहिए था, उतना नहीं हुआ।"
प्रतिक्रिया
कंपनी ने कहा- सुरक्षा को लेकर किए हैं उपाय
इस समझौते को लेकर कंपनी ने कहा, "हमारा मानना है कि पेंटागन के साथ हमारा समझौता AI के जिम्मेदार राष्ट्रीय सुरक्षा उपयोगों के लिए एक व्यावहारिक मार्ग प्रशस्त करता है, साथ ही हमारी स्पष्ट सीमाएं घरेलू निगरानी और ऑटोनॉमस हथियारों में उसकी तकनीक के उपयोग को रोकती है।" आगे कहा है, "हम समझते हैं कि इन मुद्दों पर लोगों के अपने-अपने विचार हैं और हम कर्मचारियों, सरकार, नागरिक समाज और दुनियाभर के समुदायों के साथ चर्चा जारी रखेंगे।"