ट्रंप जल्दी व्हाइट हाउस लौटे, बमवर्षक विमान ने भरी उड़ान; क्या मध्य-पूर्व में बढ़ने वाला है संघर्ष?
क्या है खबर?
इस सप्ताहांत कुछ ऐसे घटनाक्रम सामने आए हैं, जो मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के संकेत दे रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी छुट्टियां बीच में ही छोड़कर व्हाइट हाउस लौट आए हैं। वहीं, ईरान ने अमेरिका के सामने 7 शर्तें रखकर किसी भी तरह के समझौते से इनकार कर दिया है। इस बीच, हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। आइए तनाव बढ़ने के संकेत देने वाले घटनाक्रमों को जानते हैं।
ट्रंप
एक दिन पहले व्हाइट हाउस लौटे ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप अपना कैंप डेविड दौरा एक दिन पहले खत्म कर शनिवार शाम व्हाइट हाउस लौट आए। उन्हें रविवार की शाम लौटना था। अभी तक न तो व्हाइट हाउस और न ही ट्रंप ने इसकी आधिकारिक वजह बताई है।
हालांकि, बताया जा रहा है कि कैंप डेविड के ऊपर एक विमान प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में घुस आया था। इस दौरान ट्रंप वहां मौजूद थे।
उनके व्हाइट हाउस लौटने को इसी घटना के बाद सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।
विमान
अमेरिकी बमवर्षक विमान मध्य पूर्व पहुंचा
रूस टुडे ने एक रिपोर्ट में दावा किया है कि ब्रिटेन के एक अड्डे से अमेरिकी बमवर्षक विमान B-1B लांसर ने पश्चिम एशिया के लिए उड़ान भरी है। बताया जा रहा है कि ये विमान ब्रिटेन के RAF फेयरफोर्ड एयरबेस से रवाना हुआ है, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
वहीं, ईरान के प्रेस टीवी ने बताया कि उत्तर-पूर्वी सीरिया के अल-हसाका में खाराब अल-जिर बेस के पास एयर डिफेंस गतिविधि की खबर सामने आई है।
अलर्ट
अमेरिका ने मध्य पूर्व के लिए अलर्ट जारी किया
अमेरिकी विदेश विभाग ने मध्य पूर्व के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी कर क्षेत्र में मौजूद नागरिकों से अप्रत्याशित रूप से स्थिति बिगड़ने की संभावना के मद्देनजर सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।
विभाग ने कहा, "मध्य पूर्व में तनाव के कारण सुरक्षा हालात पेचीदा बने हुए हैं और कभी भी स्थिति अचानक बिगड़ सकती है। जो अमेरिकी अभी वहां हैं, उन्हें ज्यादा सतर्क रहना चाहिए और उड़ानें रद्द होने और एयरस्पेस बंद होने जैसी संभावनाओं की जानकारी रखनी चाहिए।"
हमला
सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर हमला
सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव और बढ़ता जा रहा है। सऊदी ने कहा कि हूतियों ने उसकी राजधानी रियाद पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने की कोशिश की है।
सऊदी सेना ने बताया कि उसने मिसाइलों को रास्ते में ही रोक दिया।
हालांकि, मिसाइल गिरने के बाद हवाई अड्डे के नजदीक आग लगने का एक वीडियो सामने आया है।
हूतियों ने कहा कि उन्होंने सऊदी अरामको की यानबू स्थित सुविधाओं को भी निशाना बनाया है।
ईरान
ईरान ने बातचीत शुरू करने के लिए रखी 7 शर्तें
ईरान ने अमेरिका से बातचीत शुरू करने के लिए 7 शर्तें रखी हैं। इनमें सभी मोर्चों पर युद्ध की समाप्ति, फ्रीज किए हुए ईरानी कोष को जारी करना और नौसैनिक नाकाबंदी को खत्म करने जैसी मांगें शामिल हैं।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा कि ईरान की शर्तें वाशिंगटन को बता दी हैं और ईरान अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।