अमेरिका ने मध्य पूर्व में अलर्ट जारी किया, दावा- अमेरिकी विमान ब्रिटिश अड्डे से रवाना हुए
क्या है खबर?
मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने के संकेत सामने आ रहे हैं। अमेरिका ने मध्य पूर्व के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है, जिसमें क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से मौजूदा तनाव और अप्रत्याशित रूप से स्थिति बिगड़ने की संभावना के मद्देनजर अत्यधिक सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वीकेंड की छुट्टियां जल्द खत्म कर व्हाइट हाउस लौट आए हैं। इसकी वजह भी नहीं बताई गई है।
अलर्ट
अमेरिका बोला- कभी भी स्थिति बिगड़ सकती है
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, "मध्य पूर्व में तनाव के कारण सुरक्षा हालात पेचीदा बने हुए हैं और कभी भी स्थिति अचानक बिगड़ सकती है। जो अमेरिकी अभी वहां हैं, उन्हें ज्यादा सतर्क रहना चाहिए और उड़ानें रद्द होने और एयरस्पेस बंद होने जैसी संभावनाओं की जानकारी रखनी चाहिए। जो अमेरिकी क्षेत्र से बाहर हैं, उन्हें इस इलाके में या वहां से होकर यात्रा करने पर गंभीरता से दोबारा सोचना चाहिए।"
विमान
ब्रिटेन के अड्डे से अमेरिकी बमवर्षक विमान ने भरी उड़ान
अमेरिका ने इराक, ईरान, बहरीन, ओमान, सऊदी अरब, ईरान, कतर, लेबनान, कुवैत और जॉर्डन में अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है।
इस बीच, रूस टुडे ने बताया कि ब्रिटेन के एक अड्डे से अमेरिकी बमवर्षक विमान B-1B लांसर ने पश्चिम एशिया के लिए उड़ान भरी है।
वहीं, ईरान के प्रेस टीवी ने बताया कि उत्तर-पूर्वी सीरिया के अल-हसाका में खाराब अल-जिर बेस के पास एयर डिफेंस गतिविधि की खबर सामने आई है।
व्हाइट हाउस
ट्रंप छुट्टियां जल्दी खत्म कर व्हाइट हाउस लौटे
ट्रंप शनिवार शाम कैंप डेविड से व्हाइट हाउस लौट आए हैं। ट्रंप ने अपना वीकेंड प्रवास छोटा कर जल्द लौटने का फैसला लिया है। हालांकि, ट्रंप के इस कदम की व्हाइट हाउस ने कोई वजह नहीं बताई है।
खबर है कि कैंप डेविड के ऊपर प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने वाले एक विमान को F-16 विमान ने रोका था। इस दौरान ट्रंप वहां मौजूद थे, जिसके चलते ये फैसला लिया गया।
सऊदी अरब
हूती विद्रोहियों ने रियाद पर हमले का किया दावा
यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में 'संवेदनशील' स्थलों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले का दावा किया है। इसके बाद रियाद हवाई अड्डे के पास आग की लपटें और काले धुएं का एक बड़ा गुबार देखा गया।
सऊदी ने नागरिकों को संभावित हवाई हमले की चेतावनी भी जारी की।
सऊदी ने हमले की पुष्टि की है, लेकिन कहा कि इनमें किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।