LOADING...
खत्म होने वाला है ईरान युद्ध? ट्रंप और ईरान के बयानों से मिल रहे ये संकेत
ईरान युद्ध को लेकर तेहरान और वॉशिंगटन ने नरमी के संकेत दिए हैं

खत्म होने वाला है ईरान युद्ध? ट्रंप और ईरान के बयानों से मिल रहे ये संकेत

लेखन आबिद खान
Apr 01, 2026
12:20 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका कुछ ही हफ्तों में ईरान के खिलाफ अपना सैन्य अभियान खत्म कर सकता है। दूसरी ओर, ईरान ने भी कुछ शर्तों के साथ युद्ध खत्म करने की इच्छा जताई है। इसके बाद कयास लगने लगे हैं कि 5 हफ्ते से चल रहा ईरान युद्ध जल्द ही किसी निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकता है। आइए समझते हैं क्या युद्ध खत्म होने के करीब है।

ट्रंप का बयान

ट्रंप बोले- ईरान को समझौता करने की जरूरत नहीं

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियानों को '2 सप्ताह या शायद 3' के भीतर समाप्त कर सकता है। ट्रंप ने कहा, "ईरान को समझौता करने की कोई बाध्यता नहीं है। वाशिंगटन तब समझौता तोड़ सकता है, जब उसे यह लगे कि ईरान की परमाणु क्षमताएं पर्याप्त रूप से कमजोर हो गई हैं।" ट्रम्प ने यह संकेत दिया कि अमेरिकी सेनाओं की वापसी के लिए राजनयिक समझौता जरूरी नहीं है।

ईरान

ईरान बोला- हमारे पास संघर्ष समाप्ति के लिए जरूरी इच्छाशक्ति

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्किया ने कहा कि ईरान के पास संघर्ष को समाप्त करने की आवश्यक इच्छाशक्ति है , लेकिन वह इस बात का आश्वासन चाहता है कि हमले दोबारा नहीं होंगे। पेजेश्किया ने कहा, "हमारे पास इस संघर्ष को समाप्त करने की आवश्यक इच्छाशक्ति है, बशर्ते कि जरूरी शर्तें पूरी हों। खासतौर पर हमें दोबारा हमला न होने की गारंटी चाहिए।" AFP के अनुसार, ईरान ने अमेरिकी युद्धविराम योजना का जवाब भी दे दिया है।

Advertisement

बातचीत

ईरान ने स्टीव विटकॉफ के साथ 'सीधे संदेशों' की पुष्टि की

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान कर रहा है और कभी-कभी ये सीधे ट्रंप के मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ से आते हैं। उन्होंने कहा, "फिलहाल जो हो रहा है वह बातचीत नहीं है, बल्कि संदेशों का आदान-प्रदान है, कभी सीधे स्टीव विटकॉफ के साथ तो कभी क्षेत्रीय मध्यस्थों के जरिए।" हालांकि, उन्होंने कहा कि ईरान ने अभी तक किसी भी प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Advertisement

युद्ध

बातचीत के बावजूद तेज होते जा रहे हमले

अमेरिका बातचीत के साथ-साथ हजारों अतिरिक्त सैनिकों और विमानवाहक पोत स्ट्राइक समूहों को पश्चिम एशिया में तैनात करते जा रहा है। इजरायल लगातार तेहरान और लेबनान पर हमले कर रहा है। आज बेरूत में इजरायली हमलों में कम से कम 7 लोग मारे गए और 24 घायल हो गए। खाड़ी देशों पर भी ईरान के हमले जारी हैं। आज ईरान ने कतर, सऊदी अरब और बहरीन पर ड्रोन दागे हैं।

Advertisement