Loading...
ईरान ने अमेरिका के साथ युद्ध खत्म करने के लिए पेश किया 7 दिन का प्रस्ताव
ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए 7 दिन का प्रस्ताव पेश किया है

ईरान ने अमेरिका के साथ युद्ध खत्म करने के लिए पेश किया 7 दिन का प्रस्ताव

लेखन आबिद खान
Sep 25, 2026
12:51 pm

क्या है खबर?

ईरान ने अमेरिका के साथ युद्ध खत्म करने, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करने के लिए 7 दिवसीय योजना का प्रस्ताव रखा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव इस्लामाबाद में हुए समझौते पर ही आधारित है, जिस पर जून में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने हस्ताक्षर किए थे।

बयान

अराघची बोले- अमेरिका को भेजा गया प्रस्ताव

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे अराघची ने कहा, "हमने मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका के समक्ष एक योजना प्रस्तुत की है। अगर कुछ शर्तें पूरी होती हैं, तो 7वें दिन के अंत में होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल जाएगा और वार्ता फिर से शुरू हो जाएगी। हमने जो शर्तें रखी हैं, उनमें कुछ भी नया नहीं है। अब यह अमेरिका पर निर्भर है कि वह संघर्ष खत्म करना चाहता है या नहीं।"

शर्तें

क्या हैं ईरान की शर्तें?

अराघची ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत में इस प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ईरान की शर्तें काफी हद तक उस समझौता ज्ञापन जैसी हैं, जिस पर दोनों देश जून में सहमत हुए थे।

हालांकि, पहले ईरान ने शर्तें रखी थीं कि सभी मोर्चों पर युद्ध तुरंत बंद हो, ईरान की फ्रीज की हुई संपत्तियों को सौंपा जाए और नौसैनिक नाकेबंदी को खत्म किया जाए।

ADVERTISEMENT

पेजेश्कियान का बयान

पेजेश्कियान बोले- अमेरिका ने समझौते के बावजूद हमला किया

पेजेश्कियान ने फॉक्स न्यूज से बात करते हुए कहा, "जून में दोनों देशों के बीच एक समझौते का आधार तैयार हो गया था और ईरान आगे बढ़ने के लिए भी तैयार था। उस समय होर्मुज खुला था और बातचीत का रास्ता भी खुला था, लेकिन इसके बाद अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया। ईरान अब भी बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए अमेरिकी हमले रुकने जरूरी है।"

ADVERTISEMENT

प्रस्ताव

अराघची के प्रस्ताव में क्या-क्या है?

प्रस्ताव के अनुसार, दोनों पक्षों द्वारा समझौते को स्वीकार करने के 7 दिनों के भीतर सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म हो जाएगा। इसमें लेबनान भी शामिल है।

इसके अलावा अमेरिका ईरान की 12 अरब डॉलर की फ्रीज की हुई संपत्ति को जारी करेगा, ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंध हटाएगा और नौसैनिक नाकेबंदी को खत्म करेगा।

7वें दिन ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल देगा। इसके बाद परमाणु वार्ता पर चरणबद्ध तरीके से बातचीत शुरू होगी।

ADVERTISEMENT