भाजपा ने 5 राज्यों में चुनाव पर 529 करोड़ रुपये खर्च किए, पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा
क्या है खबर?
भाजपा ने असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरलम और पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों पर 529.38 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसमें से आधी से भी ज्यादा राशि अकेले पश्चिम बंगाल में खर्च की गई। पार्टी ने चुनाव आयोग को दी व्यय रिपोर्ट में ये जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 529 करोड़ में से पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 286 करोड़ रुपये खर्च किए गए। ये खर्च 15 मार्च से 6 मई के बीच के हैं।
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में प्रचार पर खर्च हुए 69 करोड़ रुपये
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 217.16 करोड़ रुपये पार्टी के सामान्य प्रचार और 69.83 करोड़ रुपये उम्मीदवारों पर खर्च किए हैं।
सामान्य प्रचार खर्चों में पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय और राज्य, जिला और स्थानीय इकाइयों द्वारा किया खर्च शामिल है।
पार्टी ने बताया कि उम्मीदवारों को भुगतान के रूप में 58.80 करोड़ रुपये, सार्वजनिक सभाओं और जुलूसों पर 6.09 करोड़ रुपये, उम्मीदवारों के आपराधिक रिकॉर्ड प्रकाशित करने पर 25 लाख रुपये और विज्ञापनों पर 55.76 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
केरलम
केरलम में कितना हुआ खर्च?
भाजपा ने केरलम में कुल चुनावी खर्च 82.67 करोड़ रुपये बताया है। इनमें 54.93 करोड़ रुपये सामान्य पार्टी प्रचार और 27.74 करोड़ रुपये उम्मीदवार संबंधी खर्च के हैं।
केरलम में मीडिया विज्ञापनों पर 26.01 करोड़ रुपये, प्रचार सामग्री पर 5.01 करोड़ रुपये और प्रमुख प्रचारकों के यात्रा खर्च पर 8.30 करोड़ रुपये खर्च हुए।
वहीं, चुनावी अवधि के दौरान पार्टी को केरलम में 1,494.38 करोड़ रुपये का चंदा भी मिला।
कांग्रेस
कांग्रेस ने बंगाल में 42.08 करोड़ रुपये खर्च किए
कांग्रेस ने बंगाल में कुल 42.08 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें 12.96 करोड़ रुपये प्रचार और 29.12 करोड़ रुपये उम्मीदवारों से जुड़े खर्च पर लगाए गए।
इसी तरह केरलम में कांग्रेस ने 105.34 करोड़ रुपये खर्च किए। इनमें से प्रचार पर 71.30 करोड़ रुपये और उम्मीदवारों से जुड़े खर्च पर 34.05 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
केरलम में CPI(M) ने 28.60 करोड़ रुपए खर्च किए। इसमें से 26.30 करोड़ रुपये प्रचार और 2.31 करोड़ रुपये उम्मीदवारों पर खर्च हुए।
अन्य राज्य
बाकी राज्यों में कितना हुआ खर्च?
भाजपा ने असम में 96.27 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 51.56 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.90 करोड़ रुपये खर्च किए।
भाजपा का बंगाल में खर्च कांग्रेस के 5 राज्यों में किए गए कुल 248.55 करोड़ रुपये से भी ज्यादा रहा।
चुनाव के दौरान भाजपा को 1,472.8 करोड़ रुपये मिले। वहीं, कांग्रेस को 207.17 करोड़ रुपये मिले।
चुनाव की घोषणा के समय भाजपा के केंद्रीय कोष में 6,722.6 करोड़ रुपये थे, जो चुनाव बाद 7,627.2 करोड़ हो गए।