अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप के पास जहाज पर किया हमला, 4 मिसाइलें दागीं- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के खार्ग द्वीप के पास धमाके की आवाजें सुनी गई हैं। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका ने ईरानी तेल जहाज पर मिसाइलें दागीं, जिसके बाद ये धमाके हुए। स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क (SNN) ने बताया कि द्वीप के पास अमेरिका ने एक ईरानी टैंकर को निशाना बनाकर हमला किया था। अभी तक जहाज की पहचान और नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
हमला
जहाज पर 4 मिसाइलें गिरीं
SNN के अनुसार, खार्ग द्वीप के पास ईरान के एक तेल टैंकर पर मिसाइलों से हमला हुआ है। वहीं, ईरान के खबर फौरी की रिपोर्ट के मुताबिक, टैंकर पर अमेरिका की 4 मिसाइलें गिरीं और अब उसे खाली कराया जा रहा है।
फार्स समाचार एजेंसी ने बताया कि उसके संवाददाता ने विस्फोटों की आवाज सुनी लेकिन इलाके में कोई धुआं नहीं देखा।
अभी तक ईरानी या अमेरिकी अधिकारी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
खार्ग द्वीप
क्यों अहम है खार्ग द्वीप?
खार्ग ईरान के दक्षिण-पश्चिम में बुशेहर प्रांत में है। ये देश के तेल निर्यात का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा संभालता है। इस वजह से ईरनी अर्थव्यवस्था के लिए ये अहम है।
खार्ग में 40 से अधिक कच्चे तेल के भंडारण टैंक हैं जिनकी कुल क्षमता 2 करोड़ बैरल से अधिक है।
द्वीप पर ईरानी तेल मंत्रालय द्वारा संचालित तीन प्रमुख ऊर्जा संयंत्र भी हैं।
यहां खार्ग पेट्रोकेमिकल कंपनी और तेल-LPG के भंडारण और निर्यात की एक बड़ी इकाई भी है।