ईरान ने बहरीन में अमेरिकी अड्डों पर किया हमला, F-16 लड़ाकू विमान गिराने का भी दावा
क्या है खबर?
ईरान ने बहरीन में अमेरिका में 2 सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने कहा कि उसने इन ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया है। बहरीन ने भी हमले की पुष्टि करते हुए एक नागरिक औद्योगिक सुविधा को नुकसान होने की जानकारी दी है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ईरान ने इसे अपने क्षेत्र पर अमेरिकी हमले का जवाब बताया है।
हमला
ईरान का दावा- पैट्रियट एयर डिफेंस रडार को बनाया निशाना
IRGC ने दावा किया है कि उसने बहरीन के सैन्य ठिकानों पर तैनात अमेरिका के 2 पैट्रियट एयर डिफेंस रडार सिस्टम को निशाना बनाया है।
IRGC ने कहा, "हमने बहरीन के अल-रफा और अवाली एयरबेस पर अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों को निशाना बनाया। ये लगातार हो रही अमेरिकी आक्रामकता और ईरानी हवाई क्षेत्र के बार-बार उल्लंघन के बदले में की गई कार्रवाई है।"
वहीं, बहरीन ने कहा कि हमले के बाद एक औद्योगिक प्रतिष्ठान में आग लग गई।
नुकसान
बहरीन के पूर्वी तट पर देखा गया धुआं
बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि हमले में एक नागरिक औद्योगिक संयंत्र को निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई।
मंत्रालय ने कहा, "ईरान की इस जघन्य आक्रामकता के परिणामस्वरूप एक नागरिक औद्योगिक संयंत्र को निशाना बनाया गया। बल आग पर काबू पाने में जुटे हैं।"
AFP से बात करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि बहरीन के पूर्वी तट पर स्थित सिट्रा द्वीप के ऊपर धुआं उठता देखा था, एक रिफाइनरी सहित कई औद्योगिक इकाइयां हैं।
जहाज
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास जहाज में आग लगने की खबर
ईरानी नौसेना के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में प्रतिबंधित क्षेत्र के भीतर एक तेल जहाज समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई।
वहीं, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि ओमान के खासाब क्षेत्र के उत्तर और पूर्व में 2 तेल टैंकरों पर अज्ञात वस्तुओं से हमला हुआ है।
एक जहाज पर किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जबकि दूसरे जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा है।
विमान
ईरान ने F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाने का किया दावा
ईरान ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया है, जिसके बाद विमान को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।
ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB ने एक कथित वीडियो भी जारी किया है, जिसमें हवा में विमान पर हमला होते दिख रहा है।
हालांकि, अमेरिका ने कहा कि किसी भी लड़ाकू विमान पर हमला नहीं हुआ है और सभी विमान पूरी तरह सुरक्षित हैं।