Loading...
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास खतरा बढ़ा, भारत से जुड़े 9 जहाजों की सुरक्षा बढ़ाई गई 
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास भारत से जुड़े 9 जहाजों की सुरक्षा बढ़ाई गई (प्रतीकात्मक तस्वीर

होर्मुज जलडमरूमध्य के पास खतरा बढ़ा, भारत से जुड़े 9 जहाजों की सुरक्षा बढ़ाई गई 

लेखन गजेंद्र
Nov 20, 2026
11:01 am

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय संकरे जलमार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य के पास खतरा बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने होर्मुज के पास पश्चिम में भारत के झंडे वाले 9 जहाजों की सुरक्षा बढ़ाने को कहा है। सरकार सभी जहाजों पर लगातार नजर रख रही है। केंद्रीय बंदरगाह मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन को समुद्री सुरक्षा और सिक्योरिटी उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया है।

आदेश

केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?

सोनोवाल ने बैठक में समुद्री सुरक्षा के तहत अधिक जोखिम वाले इलाकों में बेहतर मॉनीटरिंग, सुरक्षा दिशानिर्देश और जहाज कंपनियों से लगातार बातचीत को कहा है।

उन्होंने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में वाणिज्यिक जहाजों, खासकर भारतीय नाविकों से जुड़े जहाजों पर बार-बार होने वाले हमलों की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं, समुद्री व्यापार में रुकावट डालती हैं और ग्लोबल सप्लाई चेन की स्थिरता को कमजोर करती हैं।

व्यवधान

होर्मुज से 86 बार गुजरे भारतीय जहाज

सोनोवाल ने संबंधित अधिकारियों को विदेश मंत्रालय, भारतीय राजनयिक मिशन, समुद्री स्टेकहोल्डर्स और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने का भी निर्देश दिया।

मंत्रालय ने बताया कि भारत के झंडे वाले जहाज होर्मुज से 86 बार गुजरे हैं।

मंत्रालय का E-Navik नाविक ट्रैकिंग मॉड्यूल, होर्मुज के पश्चिम में फारस की खाड़ी में 800 से अधिक जहाजों और होर्मुज के पूर्व में ओमान की खाड़ी में 200 से अधिक जहाजों पर नजर रख रहा है।

ADVERTISEMENT