ईरान ने जिन अमेरिकी विमानों को बनाया निशाना, वे कितने ताकतवर; जानें खूबियां
क्या है खबर?
बीते 24 घंटे में ईरान ने अमेरिका को भारी नुकसान पहुंचाया है। ईरान ने अमेरिकी लड़ाकू विमान F-15E और A-10 को मार गिराया है। F-15 के 2 पायलटों में से एक को बचा लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। वहीं, 2 UH 60 ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टरों को भी निशाना बनाया गया है, जिनमें से एक के चालक दल को चोटें आई हैं। आइए F-15E और A-10 विमान के बारे में जानते हैं।
F-15E
3,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भर सकता है उड़ान
F-15E दोहरी भूमिका वाला लड़ाकू विमान है, जिसे हवा से हवा और हवा से जमीन दोनों तरह के मिशनों को अंजाम देने के लिए डिजाइन किया गया है। ये विमान 1988 में सेवा में आया था और F-15 सीरीज का 5वां संस्करण है। ये विमान करीब 3,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकता है और 60,000 फीट तक की ऊंचाई पर उड़ान भर सकता है। इसमें 500 राउंड गोला बारूद वाली 20 मिलीमीटर की बंदूक लगी है।
खासियत
क्या है F-15E की खासियत?
इस विमान को 2 पायलट उड़ाते हैं। एक पायलट आगे वाली कॉकपिट से विमान कों उड़ाता है, जबकि दूसरा पीछे वाली कॉकपिट से हथियार प्रणाली को संभालता है। इसमें ताकतवर F100-PW-229 इंजन लगा है, जिसके चलते ये सीधी उड़ान और हवा में कलाबाजी दिखाने में सक्षम है। ये कई तरह की हवा से हवा और हवा से जमीन पर हमला करने वाली मिसाइलें दाग सकता है। ये परमाणु और बंकर बस्टर बम भी ले जा सकता है।
आंकड़े
F-15E से जुड़ी खास बातें
लंबाई: 63 फीट विंगस्पैन: 42 फीट ऊंचाई: 18 फीट बिना हथियारों के वजन: 15,694 किलोग्राम अधिकतम टेकऑफ वजन: 36,741 किलोग्राम अधिकतम गति: मैक 2.5 (3,087 किलोमीटर प्रति घंटा) रेंज: 1,272 किलोमीटर स्पैरो, AMRAAM, मैवरिक, हार्पून, JSOW, JASSM जैसी मिसाइलें ले जाने में सक्षम। GBU सीरीज के ज्यादातर बम ले जाने में सक्षम। इजरायल, सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर की वायुसेना भी करती है इस्तेमाल। अमेरिका के पास 200 से ज्यादा F-15E हैं।
A-10
अब A-10 विमानों के बारे में जानिए
A-10 थंडरबोल्ट को वॉर्थोग नाम से भी जाना जाता है। इसे निकट हवाई सहायता के लिए डिजाइन किया गया है और यह F-15E जैसे विमानों की तुलना में कम ऊंचाई पर उड़ता है। इसकी अधिकतम गति 675 किलोमीटर प्रति घंटा है। ये 23 मिलीमीटर तक के उच्च-विस्फोटक प्रोजेक्टाइल के हमलों को झेल सकता है। इसमें एक गैटलिंग तोप लगी है जो हर मिनट 3,900 गोले दाग सकती है। इसे बख्तरबंद लक्ष्यों को नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है।