ईरान ने 2 अमेरिकी विमान गिराए, एक पायलट लापता; अब तक क्या-क्या पता है?
क्या है खबर?
ईरान के साथ लगभग 5 हफ्ते से चल रहा युद्ध निर्णायक मोड़ पर आ गया है। ईरान ने अमेरिका के 2 लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। एक विमान F-15E बताया जा रहा है, जो ईरान के ऊपर युद्ध अभियान को अंजाम देते हुए गोलीबारी की चपेट में आ गया। इसके बाद विमान के दोनों पायलट ने खुद को इजेक्ट कर लिया, जिसमें से एक लापता है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एक पायलट को ढूंढ लिया गया है।
F-15
ईरान ने पायलट को पकड़ने पर इनाम देने की घोषणा की
ईरान ने दावा किया था कि उसने अमेरिका का F-35 लड़ाकू विमान मार गिराया है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ये F-15E विमान है। इस विमान का एक पायलट लापता है, जिसे ईरान और अमेरिका दोनों तलाश कर रहे हैं। ईरान ने पायलट को ढूंढकर लाने वाले को 55 लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया है। ईरान के सरकारी मीडिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे पायलट को जिंदा पकड़कर सेना को सौंपे।
तलाशी अभियान
पायलट की तलाश में जुटा अमेरिकी विमान भी गिराया गया
वहीं, F-15 के पायलट की तलाश में जुटा एक अमेरिकी A-10 वारथोग विमान भी ईरान ने मार गिराया है। इसके पायलट ने खुद के कुवैती क्षेत्र में इजेक्ट किया, जहां उसे बचा लिया गया है। ईरान के सरकारी टीवी ने ईरानी सेना के हवाले से बताया है कि एक अमेरिकी A-10 विमान को सेना की वायु रक्षा प्रणाली ने निशाना बनाया और वह दक्षिणी ईरान में फारस की खाड़ी में गिरा है।
हेलीकॉप्टर
बचाव अभियान में जुटे हेलीकॉप्टर भी गोलीबारी की चपेट में आए
CBS न्यूज के मुताबिक, A-10 के पायलट को ले जा रहे हेलीकॉप्टर पर छोटे हथियारों से गोलीबारी हुई है, जिससे चालक दल के सदस्य घायल हो गए हैं। हालांकि, हेलीकॉप्टर सुरक्षित उतर गया है और कर्मचारियों का इलाज किया जा रहा है। एक अन्य UH 60 ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर को भी निशाना बनाया है, जो मामूली क्षतिग्रस्त हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ही हेलीकॉप्टर अपना अभियान जारी रखे हुए हैं।
बयान
ट्रंप बोले- घटनाक्रम का ईरान से बातचीत पर नहीं होगा असर
NBC न्यूज के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के लड़ाकू विमान को गिराए जाने की घटना का ईरान के साथ किसी भी बातचीत पर कोई असर नहीं होगा। रिपोर्ट के अनुसार, एक फोन इंटरव्यू में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या आज की घटनाओं का बातचीत पर कोई असर होगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा, "नहीं, बिल्कुल नहीं। यह जंग है। हम जंग में हैं।"