LOADING...
एलन मस्क का दावा- पुतिन यूक्रेन युद्ध से पीछे हटे तो उनकी हत्या हो जाएगी 
एलन मस्क ने अमेरिकी सांसदों के साथ युद्ध को लेकर चर्चा में यह बात कही है

एलन मस्क का दावा- पुतिन यूक्रेन युद्ध से पीछे हटे तो उनकी हत्या हो जाएगी 

लेखन नवीन
Feb 14, 2024
12:44 pm

क्या है खबर?

रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से युद्ध जारी है और इसे लेकर अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन से युद्ध हार नहीं सकते और अगर वह युद्ध से पीछे हटते हैं तो उनकी हत्या भी हो सकती है। मस्क ने अमेरिकी सांसदों से साथ युद्ध को लेकर हुई चर्चा में अपने ये विचार व्यक्त किए हैं।

बयान

मस्क बोले- युद्ध आगे बढ़ाने से यूक्रेन का नहीं होगा फायदा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्स के स्पेस में इस बात पर चर्चा हो रही थी कि अमेरिकी सरकार का युद्ध में रूस के खिलाफ यूक्रेन को आर्थिक मदद देने का फैसला सही है या गलत। इस पर मस्क ने कहा कि यूक्रेन को आर्थिक मदद देने और युद्ध को आगे बढ़ाने से कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने दावा कि पुतिन पर युद्ध को अंजाम तक पहुंचाने का दबाव है और अगर पुतिन पीछे हटे तो उनकी हत्या कर दी जाएगी।

सफाई

मेरे पुतिन समर्थक होने के सभी आरोप बेतुके- मस्क

मस्क ने अमेरिकी सासंदों से कहा कि उन पर कभी-कभी पुतिन समर्थक होने का आरोप लगाया जाता है, लेकिन यह आरोप बेतुके और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनियों ने यूक्रेन युद्ध में रूस के खिलाफ मजबूती से काम किया है। उन्होंने स्पेस-X द्वारा यूक्रेन को दी गई स्टारलिंक इंटरनेट सेवा का हवाला दिया और कहा कि इसके जरिए यूक्रेनी सेना को रूस के हमलों के बाद भी देश में संचार व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है।

Advertisement

मकसद

मस्क ने कहा- मेरी युद्ध से होने वाली मानवीय क्षति को रोकने में रुचि

मस्क ने कहा कि उनकी रुचि युद्ध से दोनों पक्षों में होने वाली मानवीय क्षति को रोकने में है। उन्होंने पुतिन को रूस की सत्ता से हटाने की मांग पर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि इस बात पर विचार करना जरूरी है कि कौन रूस में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं और क्या पुतिन के हटने के बाद सत्ता में कोई शांतिदूत आएगा। उन्होंने कहा कि जो भी आगे सत्ता संभालेगा, वह संभवतः पुतिन से भी अधिक तानाशाह होगा।

Advertisement

सहमति

अमेरिकी संसद के उच्च सदन में यूक्रेन को आर्थिक मदद देने पर बनी सहमति

मस्क के विचार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और सदन में रिपब्लिकन नेता मिच मैक्कोनेल से बिल्कुल अलग हैं। दरअसल, अमेरिकी संसद के उच्च सदन में यूक्रेन को आर्थिक मदद पहुंचाने के विधेयक पर सहमति बनी है। इन दोनों पक्षों का मानना है कि रूस के खिलाफ यूक्रेन की सहायता करना अमेरिका के हित में है और इससे अन्य तानाशाहों को अपने स्वयं के युद्ध शुरू करने से रोकने में मदद मिलेगी।

प्लस

2022 से जारी है रूस और यूक्रेन का युद्ध

24 फरवरी, 2022 से यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध जारी है। इस युद्ध में हजारों सैनिकों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों की संख्या में सैनिक घायल हुए हैं। इस युद्ध में संघर्षरत दोनों देशों में से कोई भी युद्धविराम के समझौते के लिए तैयार नहीं है। हाल में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने इंटरव्यू ने स्पष्ट कहा कि रूस किसी भी कीमत पर अब यूक्रेन युद्ध से कदम पीछे नहीं खींच सकता।

Advertisement