मेटा ने टीवी के लिए लॉन्च किया इंस्टाग्राम ऐप, बड़ी स्क्रीन पर देख सकेंगे रील्स
क्या है खबर?
मेटा ने गूगल टीवी के लिए इंस्टाग्राम फॉर टीवी ऐप लॉन्च किया है, जिससे इंस्टाग्राम रील्स सीधे टेलीविजन पर उपलब्ध हो गई हैं। यह कदम यूट्यूब के टीवी स्ट्रीमिंग क्षेत्र में दबदबे को चुनौती देने का एक स्पष्ट प्रयास प्रतीत होता है। उसके दृढ़ संकल्प को भी दर्शाता है कि वह वीडियो देखने के हर प्लेटफॉर्म पर प्रतिस्पर्धा करेगी। खास बात यह है कि मेटा वीडियो क्षेत्र में गूगल को चुनौती देने के लिए उसी के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेगी।
खासियत
क्या है इस ऐप में खास?
यह नया ऐप हर यूजर के लिए व्यक्तिगत रूप से डिजाइन किया गया है, क्योंकि यह इंस्टाग्राम ऐप पर उनके पसंदीदा कंटेंट और क्रिएटर्स के आधार पर रील्स दिखाता है। रील्स को कॉमेडी, म्यूजिक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों के आधार पर चैनल्स और श्रेणियों में व्यवस्थित किया गया है। रील्स अपने आप चलने लगती हैं। अगला वीडियो देखने के लिए स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं होगी। ऐप आपको रील्स को लाइक, कमेंट और रीशेयर करने की सुविधा देता है।
अकाउंट
एक होम पेज पर 5 अकाउंट बनाने की सुविधा
यूजर इस ऐप को अपने इंस्टाग्राम ऐप के साथ जोड़ सकते हैं और एक ही होम पेज पर अधिकतम 5 अकाउंट बना सकते हैं या वे टीवी पर देखने के लिए एक नया अकाउंट भी बना सकते हैं। रील्स को टीवी पर लाने से शॉर्ट-फॉर्म वीडियो की परिभाषा ही बदल गई है। इसकी प्रतिद्वंद्वी टिक-टॉक भी टीवी ऐप पेश कर चुकी है, लेकिन अभी तक इसे इतनी लोकप्रियता नहीं मिल पाई है।