चीन के शेनजेन में मिलेंगे ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन, किन मुद्दों पर होगी बात?
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 18-19 नवंबर को चीन के शेनजेन में होने वाले APEC शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। ये पहली बार होगा, जब तीनों नेताओं के बीच त्रिपक्षीय बैठक होगी। ये तीनों प्रमुख परमाणु शक्तियों के नेता ऐसे समय में साथ आएंगे, जब अंतरराष्ट्रीय संबंध तनावपूर्ण हैं और ईरान युद्ध, रूस-यूक्रेन संघर्ष और परमाणु हथियार नियंत्रण जैसे मुद्दे वैश्विक कूटनीति को आकार दे रहे हैं।
मुद्दे
ईरान युद्ध और परमाणु हथियारों पर होगी चर्चा
बैठक में वैश्विक परमाणु हथियारों के भंडार को कम करने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। ट्रंप ईरान युद्ध का मुद्दा भी उठा सकते हैं।
हालांकि, AFP के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि त्रिपक्षीय वार्ता के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करने की संभावना नहीं है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि ट्रंप परमाणु हथियारों के प्रसार से उत्पन्न खतरों पर चर्चा करना चाहते हैं।
यूक्रेन
यूक्रेन युद्ध पर नहीं होगी बातचीत- रिपोर्ट
एक अज्ञात वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने AFP से कहा, "मुझे लगता है कि राष्ट्रपति जिनपिंग और पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक में ईरान के बारे में बात करने का इरादा रखते हैं।"
अधिकारी ने बताया कि अमेरिका ने रूस और यूक्रेन के साथ बातचीत का एक अलग चैनल बनाए रखा है और चीन उन वार्ताओं में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं था, इसलिए त्रिपक्षीय चर्चाओं में यूक्रेन मुद्दे को लाना अनुचित होगा।
द्विपक्षीय बैठक
ट्रंप-जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी
ट्रंप जिनपिंग के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। ट्रंप के व्हाइट हाउस लौटने के बाद से यह दोनों की चौथी मुलाकात होगी।
हालांकि, ट्रंप की पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की कोई योजना नहीं है।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि टेस्ला और स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन मस्क ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान उनके साथ रहेंगे। हालांकि, वे त्रिपश्रीय बैठक में शामिल नहीं होंगे।
अन्य मुद्दे
क्या एनवीडिया CEO का कथित जासूसी मुद्दा भी उठेगा?
अमेरिका और चीन के बीच व्यापार नियमों, दुर्लभ खनिजों और AI तकनीक को लेकर लगातार खींचतान चल रही है। ताइवान और दक्षिण चीन सागर के द्वीपों पर विवाद जैसे क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दे भी चर्चा का हिस्सा बनेंगे।
एनवीडिया के संस्थापक जेन्सेन हुआंग से जुड़े विवाद पर भी चर्चा होने की संभावना नहीं है।
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि कथित चीनी जासूस से जुड़े विवाद का राष्ट्रपति की चीन यात्रा पर असर पड़ने की आशंका नहीं है।