Loading...
सिद्धू मूसेवाला के 'फैंटम' गाने पर विवाद, माता-पिता ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी 
सिद्धू मूसेवाला के 'फैंटम' गाने की रिलीज पर जताई आपत्ति

सिद्धू मूसेवाला के 'फैंटम' गाने पर विवाद, माता-पिता ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी 

Nov 13, 2026
11:31 am

क्या है खबर?

पंजाबी संगीत जगत के दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के एक गाने को लेकर विवाद हो गया है। उनके माता-पिता, बलकौर सिंह और चरण कौर ने सागा म्यूजिक द्वारा गायक के गाने 'फैंटम' की रिलीज पर कड़ी आपत्ति जताई है। साथ ही कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। परिवार का आरोप है कि म्यूजिक लेबल ने बिना उनकी अनुमति या प्राधिकार के गाने को रिलीज किया है। बलकौर और चरण ने सोशल मीडिया पर मामले से जुड़ा एक बयान जारी किया है।

आपत्ति

गाने की रिलीज के खिलाफ परिवार ने उठाई आवाज

अपने बयान में, परिवार ने आरोप लगाया कि सागा म्यूजिक ने बिना उनकी मंजूरी के 'फैंटम' रिलीज कर दिया।

बलकौर और चरण ने बताया कि उन्हाेंने म्यूजिक लेबल से रिलीज रोकने और इस मामले पर बातचीत कर समाधान निकालने की अपील की थी। इसके बावजूद लेबल ने गाना रिलीज कर दिया।

उन्होंने दावा किया कि लेबल ने रिलीज को मंजूरी देने के लिए उनसे कोई वैलिड डॉक्यूमेंट नहीं लिया था, जिससे साबित हो सके कि उनसे अनुमति ली गई थी।

चेतावनी

बयान में कानूनी चेतावनी की बात कही गई

उन्होंने कहा, "हम सिद्धू की विरासत और अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।"

बलकौर और चरण ने उन कलाकारों और म्यूजिक लेबल्स को भी संदेश दिया, जो गायक के गानों से जुड़े दस्तावेज या अधिकार रखने का दावा कर रहे थे।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी घोषणा करने या गाना रिलीज करने से पहले परिवार से मंजूरी ली जाए। वे अपने बेटे की विरासत और अधिकाराें की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएंगे।

ADVERTISEMENT