डोनाल्ड ट्रंप बोले- ईरान के साथ युद्धविराम खत्म हुआ, वे बहुत बुरे और बीमार लोग
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम समझौता अब खत्म हो गया है। तुर्की के अंकारा में आयोजित NATO शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने ये बात कही। ट्रंप ने आगे कहा, "मेरे लिए, मुझे लगता है कि यह सब खत्म हो चुका है। मैं ईरानियों से निपटना नहीं चाहता। वे बीमार लोग हैं।"
बयान
ट्रंप बोले- ईरानी बीमार, क्रूर और हिंसक लोग
अंकारा में ट्रंप NATO प्रमुख मार्क रुट्टे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान एक पत्रकार ने उसने पूछा कि क्या ईरान के साथ युद्धविराम और 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन खत्म हो गया है। इस पर ट्रंप ने कहा, "मेरे लिए, मुझे लगता है कि यह सब खत्म हो चुका है। मैं ईरानियों से निपटना नहीं चाहता। वे नीच हैं, वे बीमार लोग हैं। उनका नेतृत्व बीमार लोग कर रहे हैं और वे क्रूर, हिंसक लोग हैं।"
हमले
हमने कल ईरान पर जोरदार हमला किया- ट्रंप
ट्रंप ने आगे कहा, "हमने कल रात ईरान के बेहद खतरनाक लोगों पर बहुत जोरदार हमला किया। उनमें कुछ गड़बड़ है। हम कहते हैं, 'जाओ और अपने अंतिम संस्कार के काम करो,' लेकिन इसके बजाय उन्होंने कल जहाजों पर रॉकेट दागने शुरू कर दिए। इसलिए हमने कल रात उन पर बहुत कड़ा प्रहार किया।" ट्रंप ने ये टिप्पणी अमेरिकी सेना द्वारा ईरान के 80 से भी ज्यादा ठिकानों पर किए हमले को लेकर आई है।
धोखा
ट्रंप ने ईरान पर धोखा देने का आरोप लगाया
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान एक ऐसे समझौते पर सहमत हो गया है, जिसके तहत वह परमाणु हथियार नहीं बनाएगा, लेकिन बाद में उन्होंने इस तरह की प्रतिबद्धता जताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "वे झूठे हैं। हमने समझौता किया। सभी सहमत थे। कोई परमाणु हथियार नहीं। हमने समझौता किया। वे बाहर गए, प्रेस से बात की और उन्होंने कहा कि हमने इस बारे में कभी बात ही नहीं की।"
हमले
जहाजों पर ईरानी हमलों के बाद भड़का तनाव
दरअसल, हाल ही में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास 3 जहाजों पर हमला किया था। ईरान ने आरोप लगाया कि ये जहाज उसके निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे। इसके बाद में अमेरिकी सेना ने शहीद हक्कानी बंदरगाह समेत 80 ईरानी ठिकानों पर हमला किया। इसके जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले किए। ईरान ने दावा किया कि उसने एक अमेरिकी ड्रोन भी मार गिराया।
तेल की कीमतें
ट्रंप के बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
आज कच्चे तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल कीमतें 2 हफ्ते के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स में 3.82 डॉलर प्रति बैरल या 5.15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह 77.98 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 5.25 प्रतिशत बढ़कर 74.14 डॉलर प्रति बैरल हो गया ये। ये 23 जून के बाद से उच्चतम स्तर है।