मेटा ने AI फोटो एडिटिंग टूल 'म्यूज इमेज' किया पेश, क्या है इसकी खासियत?
क्या है खबर?
मेटा ने अपना नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इमेज जनरेशन टूल 'म्यूज इमेज' पेश किया है। इसे मेटा सुपरइंटेलिजेंस लैब्स ने तैयार किया है और अब इसे धीरे-धीरे मेटा AI में उपलब्ध कराया जा रहा है। यह टूल सामान्य भाषा में दिए गए निर्देशों के आधार पर नई तस्वीरें बना सकता है और पुरानी तस्वीरों को भी संपादित कर सकता है। कंपनी का कहना है कि यह रचनात्मक कामों को पहले से आसान और तेज बनाने में मदद करेगा।
काम
कैसे करता है यह काम?
म्यूज इमेज साधारण भाषा में लिखे गए निर्देशों को समझकर उसी के अनुसार तस्वीर तैयार करता है। यह कई तस्वीरों को मिलाकर नई तस्वीर बना सकता है और मौजूदा फोटो में बदलाव भी कर सकता है। यह पहले पूरी तस्वीर की रूपरेखा तैयार करता है, फिर उसके अनुसार अंतिम चित्र बनाता है। जरूरत पड़ने पर यह इंटरनेट से उपलब्ध जानकारी का भी उपयोग कर बेहतर परिणाम देने की कोशिश करता है।
खासियत
क्या हैं इसकी खासियत?
इस टूल में कई नए संपादन फीचर भी दिए गए हैं। यूजर्स तस्वीर से अनचाही चीजें हटा सकते हैं, पुराने फोटो को बेहतर बना सकते हैं, अलग-अलग कलात्मक शैली में तस्वीर बदल सकते हैं और किसी खास हिस्से को घेरकर उसी में बदलाव करने का निर्देश दे सकते हैं। इसके अलावा, इसमें तैयार प्रीसेट भी दिए गए हैं, जिनकी मदद से बिना ज्यादा मेहनत के अलग-अलग तरह की आकर्षक तस्वीरें बनाई जा सकती हैं।
फायदा
मेटा के दूसरे ऐप्स में भी मिलेगा फायदा
मेटा ने बताया कि म्यूज इमेज को इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप, फेसबुक और मैसेंजर जैसे प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जा रहा है। इससे यूजर्स AI की मदद से तस्वीरें बनाकर सीधे शेयर भी कर सकेंगे। यह कमरे की फोटो को नए अंदाज में सजाने के सुझाव भी दे सकता है। फिलहाल यह फीचर मुफ्त में ही उपलब्ध है, जबकि ज्यादा उपयोग करने वालों के लिए अलग सदस्यता योजना भी रखी गई है।