कनाडा पुलिस ने निज्जर हत्याकांड में भारत की भूमिका से इनकार किया, कहा- कोई सबूत नहीं
क्या है खबर?
सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में कनाडा पुलिस का बड़ा कुबूलनामा सामने आया है। पुलिस ने स्वीकार किया कि इस मामले में भारतीय अधिकारियों के शामिल होने का कोई सबूत नहीं है और भारत सरकार की संलिप्तता से जुड़ा कोई सबूत सामने नहीं आया है। यह घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब अमेरिका ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी गोल्डी बरार को निज्जर की हत्या का मास्टरमाइंड बताया है।
बयान
पुलिस ने कहा- जांच में कोई सबूत नहीं मिले
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने कहा कि जांचकर्ताओं को इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि भारतीय अधिकारियों पर निज्जर हत्याकांड की जांच में आरोप लगाए गए थे या वे इसमें शामिल थे। CBC न्यूज से बात करते हुए पुलिस उपायुक्त लीसा मोरलैंड ने कहा, "इस संगठित अपराध जांच के दौरान भारतीय अधिकारियों पर आरोप लगाए गए हैं या वे इस जांच में शामिल हैं। भारतीय सरकार को इससे जोड़ने वाला कोई सबूत सामने नहीं आया है।"
अमेरिका
अमेरिका ने लॉरेंस और बरार पर लगाए आरोप
हाल ही में अमेरिका ने बिश्नोई और बरार पर निज्जर की हत्या का आरोप लगाया है। एक संघीय अभियोग में बिश्नोई पर 18 जून, 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के वैंकूवर में गुरुद्वारे के बाहर निज्जर की गोली मारकर हत्या करने का आदेश देने का आरोप लगाया गया है। इसमें आगे कहा गया है कि बिश्नोई ने जेल में रहते हुए तस्करी किए गए सेलफोन का इस्तेमाल कर आदेश दिए और एक सह-साजिशकर्ता को निज्जर की तस्वीर और पते दिए।
आरोप
पूर्व प्रधानमंत्री ट्रूडो ने भारत पर लगाए थे आरोप
इससे पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या के आरोप भारत पर लगाए थे। उन्होंने कहा था कि कनाडाई अधिकारी भारतीय सरकारी एजेंटों को हत्या से जोड़ने वाले विश्वसनीय आरोपों की सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं। हालांकि, भारत ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया था और कनाडा से सबूत पेश करने को कहा था। इस घटनाक्रम के बाद भारत और कनाडा के रिश्ते बेहद खराब हो गए थे।
हत्या
क्या है निज्जर की हत्या का मामला?
जून, 2023 में कनाडा के सरे में निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की वीडियो भी सामने आया था, जिसमें 2 नकाबपोश हमलावर निज्जर की गाड़ी को घेर लेते हैं और ताबड़तोड़ गोलीबारी करते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि निज्जर पर 50 गोलियां मारी गईं, जिनमें से 34 उसे लगी। भारत ने निज्जर पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा था। उसके आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) से भी संबंध थे।