मुंबई हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा टला, रनवे पर आमने-सामने आए एयर इंडिया के 2 विमान
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे पर आमने-सामने आ गए थे। एयर इंडिया का विमान दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था और एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान लैंडिंग के बाद रनवे से हटा नहीं था, जिससे बड़ी चूक हुई। हालांकि, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) के निर्देश पर एयर इंडिया ने समय पर अपनी उड़ान रोक दी थी।
हादसा
क्या है पूरा मामला?
मुंबई हवाई अड्डे पर रात 10 बजे एयर इंडिया की उड़ान AI-816 मुंबई से दिल्ली के लिए निर्धारित समय पर उड़ान भरने वाली थी और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान AIX-1547 उसी समय सिलीगुड़ी से आई थी। एक्सप्रेस का विमान लैंडिंग के बाद रनवे पर था, तभी एयर इंडिया का विमान उसी रनवे से उड़ान भरने वाला था। ATC ने तुरंत हस्तक्षेप किया और एयर इंडिया के पायलट को टेक-ऑफ रन रोकने का निर्देश दिया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
जांच
दिल्ली के यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि घटना के बाद विमान की स्टैंडर्ड ऑपरेशन प्रोसीजर के तहत जांच की जाएगी। हालांकि, दिल्ली के यात्रियों को दूसरे विमान से रवाना किया गया। टेक-ऑफ रद्द होने के बाद, विमान वापस पार्किंग एरिया में लौट आया है। उसका आगे के संचालन के लिए मंजूरी मिलने से पहले अनिवार्य निरीक्षण होगा। दोनों विमान एक ही समय पर एक ही रनवे पर कैसे आए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।