LOADING...
NATO से बाहर निकलने पर विचार कर रहा अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप बोले- ये कागजी शेर
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वे NATO से बाहर निकलने पर विचार कर रहे हैं

NATO से बाहर निकलने पर विचार कर रहा अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप बोले- ये कागजी शेर

लेखन आबिद खान
Apr 01, 2026
03:58 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे NATO से बाहर निकलने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। ये बयान ऐसे वक्त सामने आया है, जब NATO देशों ने ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध का समर्थन करने से इनकार कर दिया है। ट्रंप ने NATO को 'कागजी शेर' बताते हुए कहा, "मैं NATO से कभी प्रभावित नहीं हुआ। मैं हमेशा से जानता था कि वे सिर्फ कागजी शेर हैं। व्लादिमीर पुतिन भी यह बात जानते हैं।"

बयान

ट्रंप बोले- इस बार कोई अमेरिका के साथ नहीं आया

द टेलीग्राफ से साक्षात्कार के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह NATO की अमेरिकी सदस्यता पर पुनर्विचार करेंगे, तो उन्होंने कहा, "हां, बिल्कुल, मैं कहूंगा कि इस पर पुनर्विचार संभव नहीं है। मैं NATO से कभी प्रभावित नहीं हुआ। मैं हमेशा से जानता था कि वे सिर्फ कागजी शेर हैं। और वैसे पुतिन भी यह बात जानते हैं। अमेरिका हमेशा अपने साथियों के लिए खड़ा रहा है, लेकिन इस बार कोई भी अमेरिका के साथ नहीं आया।"

रुबियो का बयान

मार्को रुबियो ने कहा था- NATO के साथ संबंधों पर विचार करेंगे

ट्रंप के बयान से ठीक पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि ईरान युद्ध खत्म होने के बाद अमेरिका NATO के साथ अपने संबंधों का पुनर्मूल्यांकन कर सकता है। उन्होंने कहा, "अगर अब हम उस स्थिति में पहुंच गए हैं, जहां NATO गठबंधन का मतलब यह है कि हम उन ठिकानों का उपयोग नहीं कर सकते तो NATO एकतरफा रास्ता है। यह संघर्ष खत्म होने के बाद हमें उस रिश्ते पर नए सिरे से विचार करना होगा।"

Advertisement

वजह

NATO से क्यों नाराज हैं ट्रंप?

दरअसल, NATO देशों ने ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका का साथ देने से मना कर दिया है। अमेरिका चाहता था कि NATO देश होर्मुज जलडमरूमध्य को खुलवाने के लिए अपने युद्धपोत भेजें, लेकिन किसी ने भी ऐसा नहीं किया। कई NATO देशों ने तो अमेरिका को अपने सैन्य अड्डे इस्तेमाल करने तक की अनुमति नहीं दी थी। इस वजह से ट्रंप नाराज है। इससे पहले भी ट्रंप ने NATO देशों पर भड़ास निकाली थी।

Advertisement

ब्रिटेन

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोले- ये हमारी लड़ाई नहीं, युद्ध से दूर रहेंगे

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने आज देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "ईरान के खिलाफ चल रही जंग उनकी नहीं है। ब्रिटेन इसका हिस्सा नहीं बनेगा। ईरान युद्ध में शामिल होने के बारे में अपनी राय बदलने के लिए मुझ पर बहुत दबाव है, लेकिन मैं अपनी राय नहीं बदलने वाला। चाहे कितना भी दबाव हो, चाहे कितना भी शोर हो, मैं ब्रिटिश प्रधानमंत्री हूं और मुझे अपने देश के हितों के लिए काम करना है।"

NATO

NATO के बारे में जानिए

NATO अमेरिका और उसके सहयोगियों का एक सैन्य गठबंधन है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद 4 अप्रैल, 1949 को एक संधि के जरिए इसका गठन हुआ था। अमेरिका, फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम (UK) समेत कुल 12 देशों ने इसकी स्थापना की थी। अभी सदस्यों की संख्या 32 है। अमेरिका और कनाडा को छोड़कर सभी सदस्य यूरोपीय हैं। NATO का अनुच्छेद-5 कहता है कि अगर कोई NATO देश पर हमला करता है तो इसे सभी देशों पर हमला माना जाता है।

Advertisement