Loading...
पायलट, बैंकर और दंत चिकित्सक; फ्लाईदुबई विमान को बचाने वालों को जानें
प्लंबर यानिव हयुन ने आरोपी पायलट को पकड़ा। उनसे इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मुलाकात की

पायलट, बैंकर और दंत चिकित्सक; फ्लाईदुबई विमान को बचाने वालों को जानें

लेखन आबिद खान
Oct 01, 2026
02:54 pm

क्या है खबर?

दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को कथित तौर पर अपहरण करने की कोशिश हुई थी। इस घटना को टालने में विमान के भारतीय पायलट के साथ ही सवार यात्रियों की बहादुरी भरी कहानियां सामने आई हैं। इनमें से कोई बैंककर्मी है तो कोई दंत चिकित्सक। इन सभी लोगों ने आरोपी पायलट को काबू में किया और विमान की सफलतापूर्वक लैंडिंग कराई। आइए इन लोगों के बारे में जानते हैं।

पायलट

घायल होने के बावजूद पायलट ने खोला कॉकपिट का दरवाजा

विमान को बचाने में भारतीय पायलट स्मित मच्छार की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोला। इससे यात्री अंदर आकर आरोपी पायलट को पकड़ सके।

यहीं नहीं, स्मित ने इसी दौरान आपातकालीन अलर्ट भी भेजे। इससे एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अनहोनी का संकेत मिल गया।

स्मित को चाकू लगने से गहरे घाव हो गए और काफी मात्रा में खून भी बहा।

यानिव हयुन

प्लंबर ने आरोपी पायलट को पकड़ा, विमान भी उड़ाया

हयुन पेशे से प्लंबर हैं। उन्होंने कहा, "जब मैं अंदर गया, तो मैंने देखा कि आतंकवादी दोनों सीटों के बीच नियंत्रण कक्ष में बैठा था। मैं पायलट का गला दबाकर उसे नियंत्रण कक्ष से दूर ले गया। कुछ देर के लिए विमान का नियंत्रण मैंने अपने हाथ में ले लिया।"

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हयुन से मुलाकात की। इस दौरान हयुन की शर्ट पर खून लगा था। हालांकि, उन्होंने कहा कि घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई।

ADVERTISEMENT

असफ राजुआन

बीमा एजेंसी के मालिक की भी बहादुरी सामने आई

असफ राजुआन बीमा एजेंसी के मालिक हैं।

उन्होंने कहा, "हंगामा सुन लोग अंदर गए। मुझसे पहले ज्विका मानेस नाम का एक व्यक्ति वहां पहुंचा था। मैं 2 अन्य लोगों के साथ अंदर गया और हमने हमलावर को काबू करने की कोशिश की और हम सफल रहे। हमें चालक दल के कुछ सदस्यों से भी मदद मिली। हम हमलावर को 50 मिनट तक निष्क्रिय रखने में कामयाब रहे और सऊदी अरब में उतरने में सफल रहे।"

ADVERTISEMENT

ज्विका मानेस

बैंककर्मी बोले- कॉकपिट में बहुत खून था

बैंककर्मी ज्विका मानेस ने भी पायलट को काबू करने में मदद की।

उन्होंने कहा, "वहां बहुत खून था। चीख-पुकार मची हुई थी। संदिग्ध हमलावर वास्तव में विमान को जमीन की ओर उड़ाने की कोशिश कर रहा था, और लोग इधर-उधर फेंके जा रहे थे और चीख रहे थे। बाद में हमने उसे बांधकर काबू में कर लिया। इसमें काफी शारीरिक बल लगा। वह एक मजबूत आदमी था, शायद एड्रेनलिन से भरा हुआ था।"

शोता मुसाएव

दंत चिकित्सक ने दिया पायलट को प्राथमिक उपचार

दंत चिकित्सक शोता मुसायेव ने बताया कि वह शुरू में संदिग्ध हमलावर से लड़ने में मदद करने के लिए कॉकपिट की ओर दौड़े। इसके बाद उन्होंने घायल स्मित को प्राथमिक उपचार दिया।

उन्होंने कहा, "मैं विमान में एकमात्र डॉक्टर था। मैंने रक्तस्राव को रोकने में कामयाबी हासिल की। पायलट की हालत लैंडिंग से कुछ समय पहले तक काफी स्थिर थी, लेकिन उसके बाद हालत थोड़ी बिगड़ गई। उसका सिर और हाथ बुरी तरह से कट गए थे।"

ADVERTISEMENT