साहित्य के नोबेल का ऐलान, कनाडा की लेखिका एन कार्सन को मिला
क्या है खबर?
2026 के साहित्य नोबेल पुरस्कार का ऐलान हो गया है। इस साल कनाडा की लेखिका एन कार्सन को दिया गया है। नोबेल समिति ने कहा कि कार्सन को उनके साहसी और नए ढंग के काम के लिए, जिसने क्लासिकल परंपरा के साथ दिलचस्प संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप गढ़े हैं के लिए ये पुरस्कार दिया जा रहा है। इससे पहले भौतिकी, रसायन विज्ञान और चिकित्सा के पुरस्कारों का ऐलान हो चुका है।
परिचय
कौन हैं एन कार्सन?
कार्सन का जन्म 21 जून, 1950 को कनाडा में हुआ था। उन्होंने टोरंटो विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है।
वे 1979 से अमेरिका और कनाडा के कई विश्वविद्यालयों में क्लासिक्स, तुलनात्मक साहित्य और क्रिएटिव राइटिंग विषय पढ़ा रही हैं।
उनकी अब तक 20 से ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्हें लैनन लिटरेरी अवॉर्ड, ग्रिफिन पोएट्री प्राइज, टीएस एलियट प्राइज, प्रिंसेस ऑफ अस्तुरियास अवॉर्ड और PEN/नाबोकोव अवॉर्ड जैसे सम्मान मिले हैं।
अन्य नोबेल
भौतिकी, रसायन विज्ञान और चिकित्सा के नोबेल का ऐलान हो चुका
फ्रांस के वैज्ञानिक हेनरी बी कागन और जापान के केंसो सोआई को इस साल रसायन विज्ञान का नोबेल दिया गया है। दोनों वैज्ञानिकों ने रसायन विज्ञान की करीब 100 साल पुरानी गुत्थी सुलझाई है।
वहीं, 'आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी' में योगदान के लिए दिग्गज वैज्ञानिक फ्रांसिस हाल्जेन को भौतिकी का नोबेल मिला है।
चिकित्सा का नोबेल कार्ल डेसेरोथ, पीटर हेगमैन और जॉर्ज नागेल को मिला है। इन वैज्ञानिकों ने ऑप्टोजेनेटिक्स नामक तकनीक विकसित करने में मदद की।
नोबेल
नोबेल पुरस्कार का इतिहास जानिए
नोबेल पुरस्कार स्वीडन के वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल की याद में दिए जाते हैं। इन पुरस्कारों से उन लोगों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने मानव जाति को फायदा पहुंचाया हो।
शांति, साहित्य, भौतिकी, रसायन, चिकित्सा विज्ञान और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार दिया जाता है।
रवीन्द्रनाथ टैगोर, मदर टेरेसा, अमर्त्य सेन, कैलाश सत्यार्थी, चंद्रशेखर वेकंटरमन, अभिजीत बनर्जी और हरगोविंद खुराना आदि ऐसे भारतीय और भारतीय मूल के लोग हैं, जिन्हें नोबेल पुरस्कार मिले हैं।
नामांकन
खुद को नामांकित नहीं कर सकते लेखक
साहित्य के नोबेल के लिए स्वीडिश अकादमी नामांकन मंगाती है। इसमें अकादमी के सदस्य, साहित्य और भाषा के प्रोफेसर, पूर्व नोबेल विजेता और लेखक संगठनों के प्रमुख नाम भेज सकते हैं। लेखक खुद को नामांकित नहीं कर सकते।
इसके बाद समिति 5 उम्मीदवारों को चुनती है। फिर स्वीडिश अकादमी के 18 सदस्य मतदान से विजेता चुनते हैं। नामांकन से जुड़ी जानकारी 50 साल तक गोपनीय रहती है।
विजेताओं को दिसंबर में स्वीडन के स्टॉकहोम में सम्मानित किया जाता है।