अब रोमानिया और मोल्दोवा में उड़ते दिखे रहस्यमयी गुब्बारे, भेजे गए सैन्य विमान
अमेरिका के बाद अब यूरोपीय देश रोमानिया और उसके पड़ोसी मोल्दोवा के आसमान में भी रहस्यमयी गुब्बारों को उड़ते देखा गया है। रोमानिया ने गुब्बारे का पता लगाने के लिए सैन्य विमानों को भेजा, वहीं मोल्दोवा ने कुछ समय के लिए हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया। गुब्बारे 11,000 मीटर की ऊंचाई पर उड़ रहे थे। गुब्बारे दिखने के 10 मिनट बाद रोमानिया रक्षा मंत्रालय ने दो मिग-21 लांसआर विमानों को दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में भेजा, लेकिन उन्हें कुछ मिला नहीं।
काफी देर तक आसमान में तलाशा गया गुब्बारा
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि विमानों ने 30 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाया, लेकिन उनके रडार पर गुब्बारे की कोई पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद वो अड्डे पर लौट आए। दूसरी तरफ मोल्दोवा के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के बाद देश के उत्तरी भाग में मौसमी गुब्बारे जैसी एक चीज यूक्रेन सीमा के करीब देखी गई। इसकी पहचान न होने पर कुछ देर के लिए हवाई क्षेत्र को बंद किया गया।