एल मुरुगन की वजह से खाली हुई मध्य प्रदेश राज्यसभा सीट पर 12 नवंबर को उपचुनाव
क्या है खबर?
पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट पर उपचुनाव 12 नवंबर को होगा। चुनाव आयोग ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। केंद्रीय सूचना और प्रसारण और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री मुरुगन ने 14 अक्टूबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल, 2030 को खत्म होने वाला था। मुरुगन सितंबर 2021 से राज्यसभा सदस्य थे और अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से फिर चुने गए थे।
चुनाव
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं मुरुगन
मुरुगन तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रमुख हैं और जुलाई 2021 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे।
उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा था कि वह जमीनी स्तर पर लौटना चाहते हैं और 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को तमिलनाडु में मजबूत करना चाहते हैं।
बता दें कि उपचुनाव के लिए अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी होगी और 2 नवंबर तक नामांकन है। मतदान 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।
उपचुनाव
मध्य प्रदेश में सीट जीतने के लिए चाहिए 116 विधायकों के वोट
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की 11 सीटें हैं, जिसमें 7 भाजपा, 3 कांग्रेस और एक सीट रिक्त है। इससे पहले भाजपा के पास 8 सीट थी।
मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं, जिसमें राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 116 वोट चाहिए। राज्य में भाजपा के पास 164 और कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने 8 और समाजवादी पार्टी ने 2 जीती थीं।