Page Loader
अटलांटिक महासागर में लापता पनडुब्बी की खोज तेज, कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची
पनडुब्बी में सवार लोगों के पास कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची है

अटलांटिक महासागर में लापता पनडुब्बी की खोज तेज, कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची

लेखन नवीन
Jun 22, 2023
12:15 pm

क्या है खबर?

कई देशों के बचावकर्मी अभी भी अटलांटिक महासागर में टाइटैनिक के मलबे के पास लापता पनडुब्बी की तलाश कर रहे हैं। रविवार को लापता हुई पनडुब्बी का अब तक कोई पता नहीं चला है और इसमें सवार 5 लोगों की ऑक्सीजन आपूर्ति खत्म होने में 7 घंटे से भी कम समय बचा है। पनडुब्बी को खोजने में अमेरिकी तट रक्षक, कनाडाई सैन्य विमान, फ्रांसीसी जहाज और टेलीगाइडेड रोबोट जुटे हैं, जो एक बहुराष्ट्रीय अभियान का हिस्सा हैं।

बयान

24 घंटे काम कर रहे बचावकर्मी

अमेरिकी तट रक्षक के मुताबिक, टाइटन नाम की पनडुब्बी पर मौजूद लोगों के पास 7 घंटे से भी कम समय की ऑक्सीजन बची है, जिसके कारण बचावकर्मी 24 घंटे काम कर रहे हैं। टाइटन को आपात स्थिति में 96 घंटे तक ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए डिजाइन किया गया था। इसके चालक दल के पास राशन भी सीमित था। बचावकर्मियों को इस खोज अभियान में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अभियान

खोज अभियान में जुटे विमान को सुनाई दीं आवाजें

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पनडुब्बी में सवार लोगों में ब्रिटिश अरबपति हामिश हार्डिंग, पाकिस्तानी कारोबारी शहजादा दाऊद और उनका बेटा शामिल है। बुधवार को पनडुब्बी की तलाश कर रहे सोनार क्षमताओं वाले एक कनाडाई विमान ने कुछ आवाजें सुनीं, इसके बाद से समुद्र के उस क्षेत्र में पनडुब्बी की तलाश चल रही है। बचावकर्मियों को इन आवाजों से थोड़ी उम्मीद जगी कि पनडुब्बी में सवार यात्री अभी भी जीवित हैं। हांलाकि, इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है।

बयान

बचावकर्मियों ने क्या कहा?

अमेरिका के तट रक्षक कैप्टन जेमी फ्रेडरिक ने कहा, "जब आप खोज और बचाव कर रहे होते हैं तो आपको हमेशा आशा रहती है। विशेष रूप से आवाजों के सुनाई देने पर, लेकिन हम नहीं जानते कि वो क्या हैं।" उन्होंंने कहा, "कभी-कभी हम ऐसी स्थिति में होते हैं, जहां हमें कठिन निर्णय लेना पड़ता है। हम अभी उस स्थिति में नहीं पहुंचे हैं और अभी शत-प्रतिशत खोज और बचाव अभियान जारी है।"

पनडुब्बी

टाइटन का संचालन कौन करता है?

रिपोर्ट के मुताबिक, विशेषज्ञों ने 2018 में पनडुब्बी के बारे में सुरक्षा चिंताओं को उठाया था। इसके बाद अमेरिकी ब्यूरो ऑफ शिपिंग ने टाइटन को प्रमाणित किया था। इसका संचालन टूर कंपनी ओशनगेट करती है। पनडुब्बी में सफर करने के लिए एक पर्यटक को 2 करोड़ 28 लाख से ज्यादा की रकम चुकानी होती है। ये यात्रा न्यूफाउंडलैंड के सैंट जॉन्स से शुरू होती है। पनडुब्बी को टाइटैनिक के मलबे तक पहुंचने और वापस आने में 8 घंटे लगते हैं।

लापता

कैसे लापता हुई पनडुब्बी?

पनडुब्बी ने रविवार को कनाडा के न्यूफाउंडलैंड के तट के पास समुद्र में गोता लगाया था। अमेरिकी तटरक्षक के मुताबिक, गोता लगाने के करीब 1 घंटे 45 मिनट बाद पनडुब्बी का इसके सहायक जहाज पोलर प्रिंस से संपर्क टूट गया। इसके बाद से ही यह लापता है और इसकी तलाश की जा रही है। यह पनडुब्बी इससे पहले प्रशिक्षण के तौर पर बहामास के गहरे समुद्र समेत अन्य जगहों पर 50 से अधिक गोते लगा चुकी है।