13,000 करोड़ के ड्रग्स मामले में वीरेंद्र बसोया का बेटा भी लाया जाएगा भारत
क्या है खबर?
हाल ही में 13,000 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामदगी मामले में आरोपी वीरेंद्र बसोया को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया था। अब उसके बेटे ऋषभ बसोया को भी भारत लाने की तैयारी है। दिल्ली हाईकोर्ट ने ऋषभ को ब्रिटेन से भारत लौटने की अनुमति देने के लिए उसके खिलाफ जारी रेड कॉर्नर नोटिस और लुक आउट सर्कुलर को सीमित तौर पर निलंबित करने का आदेश दिया है।
आदेश
कोर्ट बोला- सिर्फ भारत आने के लिए दी छूट
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऋषभ को यह राहत सिर्फ इसलिए दी जा रही है, ताकि वो भारत आ सके और इस राहत का मतलब यह नहीं है कि उसके खिलाफ चल रही जांच या कानूनी कार्रवाई खत्म हो गई है।
कोर्ट ने कहा कि भारत पहुंचते ही जांच एजेंसी को उसे पूछताछ करने या गिरफ्तार करने की आजादी होगी।
इस संबंध में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में 2024 में FIR दर्ज की गई थी।
परिचय
कौन है ऋषभ बसोया?
पुलिस के मुताबिक, ऋषभ भारतीय नागरिक है और पासपोर्टधारक है। वह साल 2022 से ब्रिटेन में रहकर LLB की पढ़ाई कर रहा है।
वह 2024 में कुछ महीने के लिए भारत आया था और फिर लंदन लौट गया। इसके बाद से वो भारत नहीं आया।
पुलिस का कहना है कि ऋषभ अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पिछले साल उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।