Page Loader
नए साल के मौके पर दुनियाभर में निभाई जाती हैं खान-पान से जुड़ी ये 5 परंपराएं 

नए साल के मौके पर दुनियाभर में निभाई जाती हैं खान-पान से जुड़ी ये 5 परंपराएं 

लेखन सयाली
Dec 30, 2024
03:38 pm

क्या है खबर?

नया साल जल्द ही आने वाला है, जिसकी धूम दुनिया के कोने-कोने में नजर आती है। इस त्योहार पर लोग अपने दोस्तों और प्रियजनों के साथ मिलकर जश्न मनाते हैं और नए साल का स्वागत करते हैं। नए साल का जश्न बिना स्वादिष्ट व्यंजनों के अधूरा रहता है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में इस पर्व से जुड़ी खान-पान की अनोखी परंपराएं निभाई जाती हैं, जिनका खास महत्त्व भी होता है। आइए इनके विषय में जानते हैं।

जापान

सोबा नूडल्स का आनंद लेना

जापान में नए साल के त्योहार पर तोशिकोशी सोबा नामक नूडल्स खाए जाते हैं, जो लंबी उम्र और अच्छी सेहत का प्रतीक होते हैं। जापानी लोग अपने परिवार के साथ मिलकर आधी रात से पहले ये नूडल्स खाते हैं। इसे खा कर इस देश के लोग बीते साल की यादों को तजा करने की कोशिश करते हैं और नए साल का स्वागत करते हैं। इसे साधारण तरीके से उबालकर बनाया जाता है और हरे प्याज से सजाकर परोसा जाता है।

स्पेन

मेज के नीचे बैठकर 12 अंगूर खाना 

इन दिनों नए साल से जुड़ी एक परंपरा सोशल मीडिया पर प्रचिलित हो रही है, जिसमें मेज के नीचे बैठकर 12 अंगूर खाना शामिल होता है। इस रिवाज की शुरुआत स्पेन में की गई थी। यहां आधी रात के हर पहर में एक अंगूर खाया जाता है। मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से प्यार मिलता है। इसको 'लास डोसे उवस डे ला सुएर्टे' या 'भाग्य के 12 अंगूर' कहते हैं और सभी अंगूर साल के 12 महीनों को दर्शाते हैं।

दक्षिण कोरिया

तौकगुक का सेवन करना

कोरियाई खाना आज-कल पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हो रहा है, इसीलिए दक्षिण कोरिया की परंपरा जाने बिना यह लेख पूरा नहीं हो सकता। इस देश में नए साल का त्योहार तौकगुक नामक व्यंजन खाने से शुरू होता है। यह एक तरह का सूप होता है, जिसमें चावल से बनने वाले केक शामिल किए जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस व्यंजन को खाने से सौभाग्य मिलता है और यह उम्र बढ़ने का प्रतीक होता है।

डेनमार्क

क्रैनसेकेज का लुत्फ उठाना

यूरोप के देश डेनमार्क में भी नए साल पर खाने से जुड़ी एक विशेष परंपरा निभाई जाती है। दरअसल, यहां के लोग इस दिन क्रैनसेकेज नामक मीठे व्यंजन का लुत्फ उठाते हैं। यह मार्जिपन मिठाई से बना एक विशाल केक होता है, जिसे कोन के आकार में तैयार किया जाता है। इसे खुशी और वित्तीय सफलता का प्रतीक माना जाता है। इस केक को चॉकलेट, बादाम और क्रीम से सजाया जाता है।

चीन

डंपलिंग का स्वाद चखना

चीन के डंपलिंग पूरी दुनिया में मशहूर हो चुके हैं और नए साल पर इस व्यंजन का खास महत्त्व होता है। उनका आधे चांद जैसा आकार चीन के प्राचीन सिक्कों जैसा दिखता है, जिसे धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। नए साल के मौके पर चीन के लोग अपने परिवार वालों के साथ मिलकर डंपलिंग बनाते हैं और आनंद लेकर उन्हें खाते हैं। जानिए दुनियाभर में किन परंपराओं से नया साल मनाया जाता है।