Page Loader
दक्षिण अफ्रीकी पेंटर ने बनाया जीवित महिला द्वारा बेची गई सबसे महंगी पेंटिंग का नया रिकॉर्ड 
दक्षिण अफ्रीका की कलाकार की पेंटिंग ने बनाया नया रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीकी पेंटर ने बनाया जीवित महिला द्वारा बेची गई सबसे महंगी पेंटिंग का नया रिकॉर्ड 

लेखन सयाली
May 19, 2025
04:20 pm

क्या है खबर?

नीलामी के दौरान बिकने वाली दुनिया की सबसे महंगी पेंटिंग 'साल्वेटर मुंडी' है, जिसे स्वर्गीय पेंटर लियोनार्डो दा विंची ने बनाया था। हालांकि, अब दक्षिण अफ्रीका की एक महिला पेंटर ने एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। दरअसल, उन्होंने किसी जीवित महिला कलाकार द्वारा बेची गई सबसे महंगी पेंटिंग का नया रिकॉर्ड बनाया है। उनका नाम मार्लिन डुमास है और उनकी रचना इन दिनों सुर्खियों का विषय बनी हुई है।

नीलामी

कब और कहां हुई इस पेंटिंग की नीलामी?

मार्लिन ने 'मिस जनवरी' नाम की खूबसूरत पेंटिंग को कैनवास पर उकेरा था। इसकी नीलामी न्यूयॉर्क स्थित क्रिस्टीज नामक नीलामीघर ने मई में आयोजित करवाई थी। इस दुर्लभ पेंटिंग को 116 करोड़ की भारी कीमत पर बेचा गया है और इसने जीवित महिला कलाकारों द्वारा बनाए गए पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। नीलामीघर ने इस पेंटिंग की अनुमानित कीमत 102 करोड़ तक तय की थी, लेकिन इसने उससे ज्यादा रकम कमाकर सभी को हैरान कर दिया।

पेंटिंग

क्या है इस पेंटिंग की खासियत?

यह पेंटिंग 9.25 फीट लंबी है और इसे ऑयल पेंट के जरिए तैयार किया गया है। इस कलाकृति को मार्लिन ने 1997 में बनाया था, जो उनके द्वारा 10 साल की उम्र में बनाई गई 'मिस वर्ल्ड' पेंटिंग का नया रूप थी। यह एक लंबी महिला की पेंटिंग है, जिसने काले रंग का जालीदार टॉप पहना है। उसके बाल ब्लॉन्ड रंग के हैं और उसके चेहरे पर चटख मेकअप लगा हुआ है। महिला का निचला शरीर पूरी तरह नग्न है।

क्रिस्टीज

लोगों ने जमकर की पेंटिंग की तारीफ 

क्रिस्टीज में युद्धोत्तर और समकालीन कला की उपाध्यक्ष सारा फ्रीडलैंडर ने कहा, "मिस जनवरी वास्तव में मार्लिन की सबसे महान रचना है।" इस पेंटिंग में मार्लिन ने महिला के शरीर को एक फॉर्मल और एलिगेंट लुक दिया है उसे पुरुषों के दृष्टिकोण से अलग बनाया है। नीलामी की प्रमुख इसाबेला लौरिया ने कहा, "हम आज शाम की अपनी बिक्री के परिणाम से बहुत खुश हैं।" मार्लिन अपनी कला के जरिए अक्सर कामुकता, नस्ल और मानव शरीर की पेंटिंग बनाती हैं।

मार्लिन

कौन हैं मार्लिन डुमास?

मार्लीन का जन्म 1953 में दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में हुआ था और अब वह नीदरलैंड में रहती हैं। उन्होंने केप टाउन विश्वविद्यालय में कला और एम्स्टर्डम विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान का अध्ययन किया था। उन्हें आज के समय की सबसे प्रभावशाली पेंटर में से एक माना जाता है। आपको बता दें कि इस नीलामी के दौरान जीन-मिशेल बास्कियाट द्वारा 1982 में बनाई गई 'बेबी बूम' नामक पोर्ट्रेट को 199 करोड़ रुपये में नीलाम किया गया है।