Page Loader
यह प्राचीन पत्थर की पट्टिका लगभग 42 करोड़ रुपये में बिकी, जानिए क्या है खास
सबसे पुरानी पत्थर की पट्टिका हुई करोड़ो में नीलाम (तस्वीर: सोथबी)

यह प्राचीन पत्थर की पट्टिका लगभग 42 करोड़ रुपये में बिकी, जानिए क्या है खास

लेखन अंजली
Dec 19, 2024
11:13 am

क्या है खबर?

बाइबिल के 10 आदेशों से अंकित 1,500 साल पुरानी पत्थर पट्टिका बीती 18 दिसंबर (बुधवार) को 5.4 लाख डॉलर (करीब 42 करोड़ रुपये) में नीलाम हुई है। इस प्राचीन पत्थर पट्टिका का वजन लगभग 52 किलो है और यह 2 फीट लंबी है। इस पट्टिका पर उकेरे गए सभी आदेश हिब्रू भाषा के शुरूआती संस्करण में है, जिसे अब पैलियो-हिब्रू कहा जाता है। आइए जानते हैं कि यह नीलामी कहां हुई।

नीलामी

कहां हुई नीलामी?

बाइबिल के 10 आदेशों से अंकित प्राचीन पत्थर पट्टिका की नीलामी न्यूयॉर्क के सोथबी नीलामी घर द्वारा आयोजित की गई थी। सोथबी का अनुमान था कि यह पत्थर पट्टिका 10 लाख डॉलर से 20 लाख डॉलर यानी (8 करोड़ से लेकर 17 करोड़ रुपये) के बीच बिकेगी, लेकिन बोलियां शुरू होने के 10 मिनट बाद ही यह 42 करोड़ से ज्यादा रुपये में बिक गई। नीलामी घर का कहना है कि यह पत्थर पट्टिका रोमन-बीजान्टिन युग के अंत की है।

पत्थर

साल 1913 में एक खुदाई के दौरान मिला था ये पत्थर

इस प्राचीन पत्थर पट्टिका को खरीदने वाले का नाम तो सामने नहीं आया है, लेकिन यह बात सामने आई है कि वह इस कलाकृति को एक इजराइली संस्थान को दान करने की योजना बना रहा है। नीलामी घर ने बताया, "इस पत्थर पट्टिका की खोज साल 1913 में इजराइल के दक्षिणी हिस्से में एक नई रेलवे लाइन के लिए खुदाई के दौरान हुई थी, लेकिन इसके महत्व को नहीं समझा गया।"

बयान

इस पत्थर का 3 दशकों तक किसी घर के फर्श के रूप में होता रहा इस्तेमाल

सोथबी के मुताबिक, "इस पत्थर की खोज के बाद 3 दशकों तक इसका इस्तेमाल किसी के घर के बाहर फर्श के रूप में किया जाता रहा, लेकिन कुछ समय बाद ही इसके ऐतिहासिक महत्व को पहचाना गया और इसे संरक्षित किया गया।" नीलामी घर ने बताया कि पत्थर को साल 1943 में एक विद्वान को बेच दिया गया था, फिर इसके कुछ समय बाद ही ये नीलामी क्षेत्र में वापिस आ गया, जिसके बाद समय-समय पर इसकी नीलामी होती रही।

अन्य नीलामी

14वीं सदी की दुर्लभ बाइबिल नीलामी में लगभग 57 करोड़ रुपये में बिकी 

इसी साल सितंबर में 14वीं सदी में स्पेन के एक प्रसिद्ध रब्बी द्वारा लिखी गई एक दुर्लभ बाइबिल किताब एक नीलामी में 69 लाख डॉलर (57 करोड़ से ज्यादा रुपये) में बिकी। इसके सुनहरे और रंगीन पन्नों में यहूदी, ईसाई और इस्लामी कलात्मक परंपराओं का मिश्रण है। इस शेम तोव बाइबिल को साल 1312 में उत्तरी स्पेनिश शहर सोरिया में रब्बी शेम तोव इब्न गांव द्वारा पूरा किया गया था, जिसकी नीलामी भी सोथबी नीलामी घर द्वारा की गई थी।