LOADING...
14वीं सदी की दुर्लभ बाइबिल नीलामी में लगभग 57 करोड़ रुपये में बिकी
14वीं सदी की बाइबिल 57 करोड़ रुपये में नीलाम

14वीं सदी की दुर्लभ बाइबिल नीलामी में लगभग 57 करोड़ रुपये में बिकी

लेखन अंजली
Sep 13, 2024
12:02 pm

क्या है खबर?

14वीं सदी में स्पेन के एक प्रसिद्ध रब्बी द्वारा लिखी गई एक दुर्लभ बाइबिल हाल ही में एक नीलामी के दौरान 69 लाख डॉलर (57 करोड़ से ज्यादा रुपये) में बिकी है। इस बाइबिल के सुनहरे और रंगीन पन्नों में यहूदी, ईसाई और इस्लामी कलात्मक परंपराओं का मिश्रण है। इस शेम तोव बाइबिल को साल 1312 में उत्तरी स्पेनिश शहर सोरिया में रब्बी शेम तोव इब्न गांव द्वारा पूरा किया गया था। आइए नीलामी के बारे में विस्तार से जानें।

नीलामी घर

किस नीलामी घर द्वारा बेची गई बाइबिल?

इस बाइबिल की नीलामी न्यूयॉर्क में स्थित सोथबी नीलामी घर द्वारा आयोजित की गई थी। इसके बिकने का अनुमान 50 लाख डॉलर से 70 लाख डॉलर (लगभग 41 करोड़-58 करोड़ रुपये) के बीच था और यह अच्छी-खासी कीमत पर ही बिकी। सोथबी के अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ यहूदी विशेषज्ञ शेरेन लिबरमैन मिंटज ने कहा, "800 पन्नों की इस बाइबिल में गहन विद्वता, रहस्यमयी शब्दों का इस्तेमाल और सांस्कृतिक कलात्मक प्रभावों का मिश्रण इसे दुर्लभ बनाता है।"

संग्रहकर्ता

डेविड सोलोमन के संग्रह से मिली ये बाइबिल

यह बाइबिल हिब्रू पांडुलिपियों के विश्व प्रसिद्ध संग्रहकर्ता डेविड सोलोमन के संग्रह से मिली है। मिंटज ने कहा, "लंबे समय तक यह बाइबिल सोलोमन के पास सुरक्षित रही क्योंकि वे इसका महत्व जानते थे और अब इसे जनता के लिए रखा गया। मुझे उम्मीद है कि वे भी इसके महत्व को समझेंगे और इसका खरीददार इसे एक अच्छी जगह पर अच्छे तरीके से ही रखेगा क्योंकि यह एक साधारण किताब नहीं है।"

Advertisement

अन्य किताब

सबसे पुरानी किताबों में शामिल किताब लगभग 32 करोड़ रुपये हुई नीलामी

इसी साल अप्रैल में दुनिया की सबसे पुरानी किताबों में से एक क्रॉस्बी-शोयेन कोडेक्स नामक किताब को लंदन में स्थित क्रिस्टी नीलामी घर द्वारा बेचा गया था। ऐसा माना जाता है कि यह किताब किसी ने 250 से 350 ईसवीं के आसपास एक ईसाई मठ में बैठकर लिखी थी। इसके बारे में क्रिस्टी के वरिष्ठ विशेषज्ञ यूजेनियो डोनाडोनी का कहना था, "यह किताब बाइबिल की 2 किताबों में सबसे पहला ज्ञात पाठ है।"

Advertisement

अन्य नीलामी

380 रुपये में खरीदी हैरी पॉटर की किताब लगभग 9 लाख रुपये में हुई नीलाम

कुछ ही दिन पहले इंग्लैंड के रिचर्ड विंटरटन नीलामी घर द्वारा आयोजित की गई एक ऑनलाइन नीलामी में 3.50 पाउंड यानी मात्र करीब 380 रुपये में खरीदी गई हैरी पॉटर एंड फिलोसोफर्स स्टोन नामक किताब के पहले संस्करण की कॉपी 8,340 पाउंड (लगभग 9 लाख रुपये) में बेची गई है। किताब के पहले संस्करण की कॉपी को यूनाइटेड किंगडम (UK) एक टेलीफोन बोलीदाता ने उच्चतम बोली लगाकर खरीदा है।

Advertisement