Page Loader
इंसानों की तरह बंदरों को भी होता है अपने दोस्तों के वीडियो देखने का शौक- अध्ययन
बंदरों को पसंद होता है अपने परिचितों के वीडियो देखना (तस्वीर: पिक्सेल)

इंसानों की तरह बंदरों को भी होता है अपने दोस्तों के वीडियो देखने का शौक- अध्ययन

लेखन सयाली
Jul 10, 2025
03:59 pm

क्या है खबर?

बंदर सबसे समझदार जानवरों में गिने जाते हैं, जिनका व्यवहार काफी हद तक इंसानों जैसा होता है। वे इंसानों की तरह अपनी भावनाओं को व्यक्त करने में सक्षम होते हैं और उनकी सीखने की क्षमता भी अच्छी होती है। हालांकि, अब एक अध्ययन के जरिए इंसानों और बंदरों के बीच एक विचित्र समानता का पता लगाया गया है। आपको जानकर हैरानी होगी कि बंदरों को अपने दोस्तों के वीडियो देखना पसंद होता है और यह मनोरंजन का एक जरिया है।

अध्ययन

बंदरों को अजनबियों के बजाय अपने समुदाय के वीडियो देखना है पसंद 

यह अध्ययन नीदरलैंड के यूट्रेक्ट विश्वविद्यालय और ओहियो स्टेट विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने पूरा किया है। शोध लंबी पूंछ वाले मकाक बंदरों पर किया गया था, जो एशिया में पाई जाने वाली प्रजाति है। इस अनोखे अध्ययन के मुताबिक, इस प्रजाति के कैद में रहने वाले बंदर अजनबियों के बजाय अपने समूह के सदस्यों के वीडियो देखना पसंद करते हैं। इससे पता चलता है कि ये बुद्धिमान जानवर अपने समुदाय के बारे में जानने के लिए ज्यादा उत्सुक रहते हैं।

प्रक्रिया

सभी बंदरों को दिखाए गए थे 16 वीडियो

अध्ययन को पूरा करने के लिए नीदरलैंड के एक शोध केंद्र में 30 बंदरों की जांच की गई, जिन्हें 2 समूहों में बांटा गया था। हर बंदर को व्यक्तिगत रूप से 2 मिनट के 16 वीडियो क्लिप दिखाए गए थे, जो या तो उनके समूह के सदस्यों के थे या फिर अनजान बंदरों के थे। इसके बाद शोधकर्ताओं ने यह जानने का प्रयास किया कि बंदरों ने हर प्रकार के वीडियो पर कितना ध्यान दिया।

नतीजे

अनजान बंदरों के वीडियो ने नहीं जीता बंदरों का दिल

बंदरों की प्रतिक्रियाओं को कैमरों ने रिकॉर्ड किया गया था। बाद में शोधकर्ताओं ने सभी फुटेज का विश्लेषण किया, बिना यह जाने कि प्रत्येक बंदर ने किस प्रकार का वीडियो देखा था। इस अध्ययन के नतीजों को एनिमल कॉग्निशन नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया था। सामने आया कि बंदरों ने लगातार अपने परिचित बंदरों वाले वीडियो पर ज्यादा ध्यान दिया। उन्हें अनजान बंदरों के वीडियो देखने में कोई खास दिलचस्पी नहीं थी।

वीडियो

बंदरों के व्यक्तित्व ने किया वीडियो देखने की प्रक्रिया को प्रभावित

बंदरों के व्यक्तित्व ने भी वीडियो देखने की प्रक्रिया को प्रभावित किया था। निचली रैंकिंग वाले बंदरों ने उच्च रैंकिंग वाले बंदरों की तुलना में अपने समूह के सदस्यों के वीडियो देखने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। जो बंदर कम तनाव महसूस करते थे, उन्होंने भी जाने-पहचाने चेहरों वाले वीडियो पर ज्यादा ध्यान दिया। युवा बंदर अजनबियों के वीडियो देखते समय सिर खुजलाते नजर आए, जिससे पता चला की वे तनाव में थे।

गतिविधि

सक्रीय गतिविधियों वाले वीडियो ने खींचा बंदरों का ध्यान

बंदरों ने साफ-सफाई या बैठने जैसी शांत गतिविधियों की तुलना में संघर्ष या सक्रिय गतिविधियों वाले वीडियो पर ज्यादा ध्यान दिया। जब वीडियो में बैठने या सजने-संवरने जैसी सामान्य गतिविधियां दिखाई गईं, तब भी बंदर अजनबियों की फुटेज की तुलना में परिचित चेहरे देखना पसंद कर रहे थे। अध्ययन के सह-लेखक ब्रैड बुशमैन ने कहा, "सभी को जाने-पहचाने अभिनेताओं की फिल्में देखना पसंद होता है। यह आश्चर्य की बात नहीं है कि बंदर भी ऐसा ही करना पसंद करते हैं।"