Page Loader
श्रीलंका सरकार ने अर्जुन रणतुंगा की टिप्पणी के लिए BCCI सचिव जय शाह से जताया खेद
अर्जुन रणतुंगा ने BCCI सचिव जय शाह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी (तस्वीर: एक्स/@JayShah)

श्रीलंका सरकार ने अर्जुन रणतुंगा की टिप्पणी के लिए BCCI सचिव जय शाह से जताया खेद

संपादन भारत शर्मा
Nov 17, 2023
07:17 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) में मचे घमासान क आंच अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) तक पहुंच गई है। श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा द्वारा BCCI सचिव जय शाह पर की गई टिप्पणी ने तूल पकड़ लिया है। रणतुंगा ने अजीबोगरीब बयान देते हुए श्रीलंका क्रिकेट की गिरावट के लिए जय शाह को जिम्मेदार ठहराया था। इस बीच श्रीलंकाई सरकार ने रणतुंगा के इस बयान पर खेद प्रकट किया है। आइए इस खबर के बारे में और अधिक जानते हैं।

बयान

2 मंत्रियों ने दी सफाई 

गुरुवार को संसदीय सत्र के दौरान 2 मंत्रियों हरिन फर्नांडो और कंचना विजेसेकरा ने घटना के संबंध में खेद व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी बाहरी संस्थाओं के बजाय श्रीलंकाई प्रशासकों की है। मंत्री विजेसेकेरा ने कहा, "एक सरकार के रूप में हम एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) अध्यक्ष जय शाह के प्रति अपना खेद व्यक्त करते हैं। हम अपने संस्थानों की कमियों के लिए शाह या अन्य देशों पर आरोप नहीं लगा सकते। यह एक गलत धारणा है।"

बयान

पर्यटन मंत्री ने जताई चिंता 

इसी मुद्दे पर पर्यटन मंत्री फर्नांडो ने आगाह किया कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के चलते देश पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। विशेष रूप से अगले वर्ष जनवरी में होने वाले आगामी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, "अगर ICC का प्रतिबंध नहीं हटाया गया तो कोई भी टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका का दौरा नहीं करेगा। श्रीलंका को क्रिकेट टूर्नामेंट से एक पैसा भी नहीं मिलेगा।"

बयान

रणतुंगा के किस बयान पर मचा बवाल? 

रणतुंगा ने कहा था, "SLC अधिकारियों और जय शाह के बीच संबंधों के कारण श्रीलंका क्रिकेट का नुकसान हो रहा है। शाह हमारी क्रिकेट को नियंत्रित कर रहे हैं और कभी भी कुचल सकते हैं। जय शाह ही श्रीलंका क्रिकेट को चला रहे हैं। उनके दबाव के कारण श्रीलंका क्रिकेट बर्बाद हो रहा है। एक आदमी श्रीलंकाई क्रिकेट को बर्बाद कर रहा है वह केवल अपने पिता अमित शाह के कारण शक्तिशाली है, जो भारत के गृह मंत्री हैं।"

रिपोर्ट

विश्व कप में निराशाजनक रहा था श्रीलंका का प्रदर्शन 

वनडे विश्व कप में अपने अभियान के दौरान श्रीलंका क्रिकेट टीम ने 9 मुकाबले खेले, लेकिन टीम केवल 2 मैच जीत पाई, जबकि 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। 10 टीमों की अंक तालिका में श्रीलंका 4 अंक और -1.419 की नेट रन रेट के साथ 9वें नंबर पर रही। शर्मनाक की बात ये रही कि श्रीलंका सिर्फ अंतिम पायदान पर काबिज नीदरलैंड क्रिकेट टीम से सिर्फ एक नंबर ऊपर रही।

सदस्यता

ICC ने निलंबित कर रखी है श्रीलंका क्रिकेट की सदस्यता

गत 10 नंवबर को ICC ने SLC की सदस्यता निलंबित कर दी थी। ICC ने कहा था कि SLC ने सदस्य के रूप में दायित्वों का गंभीर उल्लंघन किया है। वह अपने कामकाज को स्वतंत्र रूप से चलाने में सक्षम नहीं है और देश में सरकार के दखल के बिना क्रिकेट प्रशासन और नियमन जैसी जिम्मेदारियां निभाने में नाकाम रहा है। इससे पहले खेल मंत्री ने विश्व कप 2023 में खराब प्रदर्शन के चलते बोर्ड को बर्खास्त कर दिया था।