Page Loader
भारत बनाम न्यूजीलैंड: शुभमन गिल ने लगाया दोहरा शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
शुभमन गिल ने लगाया लगातार दोहरा शतक (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

भारत बनाम न्यूजीलैंड: शुभमन गिल ने लगाया दोहरा शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स

Jan 18, 2023
05:14 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दोहरा शतक लगाया है। वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। 23 वर्षीय गिल वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी

दोहरा शतक लगाने वाले पांचवे भारतीय बल्लेबाज

गिल और रोहित शर्मा की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। भारतीय कप्तान टिक जाने के बाद बड़ी पारी नहीं खेल सके और 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने गिल के साथ 60 रन की साझेदारी की। इसके बाद गिल ने एक छोर से अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की और अपने वनडे करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 149 गेंदों में 208 रन की पारी खेली है।

वनडे करियर

शानदार चल रहा है गिल का वनडे करियर

साल 2019 में अपना वनडे डेब्यू करने वाले गिल का अब तक का करियर शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 19 वनडे पारियों में 65 से अधिक की औसत से 1,000 से ज्यादा रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने तीन शतक के अलावा पांच अर्धशतक लगा लिए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गिल का 50 ओवर प्रारूप में सर्वोच्च स्कोर आज बन गया है। उन्होंने पहली बार 150 से अधिक रन बना लिए हैं।

उपलब्धि

भारत के लिए सबसे तेज 1,000 रन

इस बीच गिल ने अपने वनडे करियर के 1,000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 19 पारियों में ये आंकड़ा छू लिया है। वह सबसे कम पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली और शिखर धवन का रिकॉर्ड (24-24 पारियां) का रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्होंने पाकिस्तान के इमाम-उल-हक की बराबरी कर ली है। सबसे तेज 1,000 वनडे रन का रिकॉर्ड पाकिस्तान के फखर जमान (18 पारी) के नाम है।

2022

2022 में गिल ने किया कमाल

गिल के लिए पिछला साल शानदार रहा है। उन्होंने 2022 में 12 वनडे मैच खेले, जिसमें 70.88 की औसत और 102.57 की स्ट्राइक रेट से 638 रन बनाए। इस बीच उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतक लगाए थे। गिल ने अपने इस साल की शुरुआत बड़ी जबरदस्त ढंग से की है। उन्होंने अपने चार पारियों में 300 से ज्यादा रन बना लिए हैं। उनका श्रीलंका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में भी बेहतरीन प्रदर्शन रहा था।