Page Loader
IPL 2022: KKR को लगा झटका, बचे हुए सीजन से बाहर हुए पैट कमिंस
पैट कमिंस (तस्वीर- Twitter/@KKRiders)

IPL 2022: KKR को लगा झटका, बचे हुए सीजन से बाहर हुए पैट कमिंस

May 13, 2022
12:48 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बड़ा झटका लगा है। cricket.com.au के अनुसार KKR के तेज गेंदबाज पैट कमिंस चोट (हिप इंजरी) के चलते बचे हुए सीजन से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान कमिंस ने IPL 2022 में अपना आखिरी मैच 09 मई को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेला था और तीन विकेट (3/22) झटके थे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

ऐसा रहा कमिंस का प्रदर्शन

IPL 2022 में कमिंस ने पांच मैच खेले, जिसमें 30.29 की गेंदबाजी औसत के साथ सात विकेट चटकाए थे। इस बीच वह काफी महंगे (इकॉनमी रेट- 10.69) साबित हुए थे। दूसरी तरफ बल्ले से उन्होंने एक अर्धशतक लगाकर 63 रन बनाए थे। कमिंस ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ हुए मुकाबले में सिर्फ 14 गेंदों में ही अर्धशतक पूरा किया था और केएल राहुल के साथ संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

कमिंस को IPL 2022 की नीलामी में 7.25 करोड़ रुपये की धनराशि में KKR द्वारा खरीदा गया था। दिलचस्प बात यह थी कि IPL 2021 में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद KKR ने फिर से कमिंस पर दांव लगाया था।

उम्मीद

श्रीलंका दौरे तक फिट हो जाएंगे कमिंस

वह KKR का साथ छोड़कर सिडनी वापस लौटेंगे और रिहैब करेंगे। इस साल जून में ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका का दौरा करना है, जहां दोनों देशों के बीच वनडे, टी-20 और टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। कमिंस को पहले ही टी-20 सीरीज से आराम दिया गया है। ऐसी उम्मीद है कि कमिंस वनडे और टेस्ट सीरीज तक फिट हो सकेंगे। बता दें श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जून से होनी है।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा है कोलकाता का प्रदर्शन

IPL 2022 में KKR ने अब तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें से पांच में टीम को जीत मिली है जबकि सात में टीम ने शिकस्त झेली है। श्रेयस अय्यर की अगुआई में टीम फिलहाल अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। KKR की प्ले-ऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बेहद कम है। उन्हें अपने दोनों बचे हुए मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। इसके अलावा उन्हें दूसरी टीमों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा।