MI बनाम KKR: मुंबई इंडियंस लगातार तीसरा मैच हारी, मैच में बने ये रिकार्ड्स

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 14वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुंबई इंडियंस (MI) को पांच विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की है। MI ने पहले खेलते हुए सूर्यकुमार यादव (52) के अर्धशतक की बदौलत 161/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में KKR ने वेंकटेश अय्यर (50*) और पैट कमिंस (56*) के अर्धशतकों की मदद से लक्ष्य हासिल किया। जानिए मैच में क्या-क्या रिकार्ड्स बने।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने रोहित (3) और ईशान किशन (14) के विकेट सस्ते में खो दिए। अपना IPL डेब्यू कर रहे डेवाल्ड ब्रेविस (19 गेंद, 29 रन) ने प्रभावित किया। वहीं सूर्यकुमार, तिलक (38*) और कीरोन पोलार्ड (22* रन, 5 गेंद) ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में KKR ने कमिंस की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी (15 गेंदे, 56 रन) और वेंकटेश ने अर्धशतकों की बदौलत जीत हासिल कर ली।
चोट के कारण शुरुआती दो मैच मिस करने वाले सूर्यकुमार ने आज अपनी उपयोगिता सिद्ध की और मुश्किल परिस्थिति में उम्दा पारी खेली। सूर्यकुमार ने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरने के प्रयास में सूर्या 35 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने तिलक वर्मा (38*) के साथ मिलकर 83 रनों की साझेदारी की।
पोलार्ड आज आखिरी ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने पांच गेंदों में तीन छक्कों की मदद से नाबाद 22 रन बनाए। वह 20वें ओवर में 400 से ज्यादा रन (404) बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। बता दें IPL में आखिरी ओवर में सबसे ज्यादा रन महेंद्र सिंह धोनी (627) ने बनाए हैं। पोलार्ड ने 20वें ओवर में 33 छक्के लगाए हैं और धोनी (50) के बाद दूसरे सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं।
KKR ने पावरप्ले में ही दो विकेट गवां दिए थे। इसके बाद 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेंकटेश ने एक छोर संभाले रखा और अपने IPL करियर का पांचवा अर्धशतक 41 गेंदों में पूरा किया। यह मुंबई के खिलाफ उनका दूसरा अर्धशतक है। पारी की शुरुआत करने आए अय्यर ने आखिरी तक बल्लेबाजी की और अपनी टीम को जीत दिलाई। अंत में इस IPL का अपने पहला मैच खेल रहे कमिंस ने बेहतरीन बल्लेबाजी की।
पैट कमिंस ने सिर्फ 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह IPL इतिहास में केएल राहुल के साथ संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक बन गया है।
दूसरी पारी का 16वां ओवर करने आए डेनियल सैम्स के ओवर में कमिंस ने चार छक्के और दो चौके लगाए। इस ओवर में कुल 35 रन आए और मैच इसी ओवर में खत्म हो गया। यह IPL इतिहास का दूसरा सबसे महंगा ओवर रहा।