IPL 2023: MI के लिए बड़ी खुशखबरी, क्रिस जॉर्डन बने टीम का हिस्सा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में अपने प्रमुख खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही मुंबई इंडियंस (IPL) के लिए राहत की खबर है।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन IPL 2023 के शेष सत्र के लिए MI से जुड़ गए हैं।
5 बार की चैंपियन टीम MI ने उन्हें एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में साइन किया है, लेकिन उन्होंने किसकी जगह ली है यह अभी तक सामने नहीं आया है।
आइए जॉर्डन के क्रिकेट करियर पर नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
बुमराह और रिचर्डसन की अनुपस्थिति से कमजोरी हुई MI की गेंदबाजी
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम वर्तमान में स्टार गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और झे रिचर्डसन की अनुपस्थिति में गेंद से संघर्ष कर रही है।
निश्चित रूप से जॉर्डन के दल में शामिल होने से उनकी गेंदबाजी इकाई को मजबूती मिलेगी। हालांकि, जॉर्डन को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जॉर्डन को हाल ही में MI की जर्सी में अभ्यास करते हुए देखा गया था। तभी से उनके टीम ने जुड़ने की संभावना दिखाई दे रही थी।
रिपोर्ट
जॉर्डन के IPL में ऐसे हैं आंकड़े
34 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जॉर्डन ने साल 2016 से लेकर 2022 के बीच अपने IPL करियर में 28 मैच खेले हैं।
उन्होंने 9.32 की इकॉनमी रेट और 30.85 की औसत के साथ अब तक 27 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 11 रन देकर 4 विकेट रहा है।
इंग्लिश गेंदबाज ने 11 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 9.38 की औसत और 115.38 की स्ट्राइक रेट से 75 रन भी बनाए हैं।
रिपोर्ट
आर्चर को लेकर अटकलों का बाजार गर्म
इस बीच, इंग्लैंड के ही स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की चोट पर अभी तक कोई स्पष्ट अपडेट नहीं आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में खबर आई थी कि आर्चर अपनी दाहिनी कोहनी के इलाज के लिए बेल्जियम गए थे।
उसके बाद भले ही वह पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेले थे, लेकिन वह गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ MI के आखिरी मैच में नहीं दिखे थे।
रिपोर्ट
1,000वें मुकाबले में RR से भिड़ेगी MI
IPL के 1,000वें मैच में MI टीम रविवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) टीम से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर भिड़ेगी।
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली MI टीम वर्तमान में अंक तालिका में नौवें स्थान पर है और उसे कुछ जीत की जरूरत है।
रोहित और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर बल्लेबाज फॉर्म में नहीं हैं, जबकि ईशान किशन भी बल्ले से संघर्ष कर रहे हैं।
गेंदबाजी की बात करें तो पीयूष चावला के अलावा किसी ने प्रभावित नहीं किया है।
रिपोर्ट
MI के लिए चुनौतियां कम नहीं, RR से मिलेगी कड़ी चुनौती
RR टीम वर्तमान में अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है एक और जीत उसे तालिका में शीर्ष पर पहुंचा देगी।
टीम के लिए युवा बल्लेबाज ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल इस समय शानदार लय में हैं। अनुभवी जोस बटलर और संजू सैमसन किसी भी समय खेल का रंग बदलने की क्षमता रखते हैं।
गेंद के साथ रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल और संदीप शर्मा का प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा है। MI के लिए RR से पार पाना मुश्किल होगा।