Page Loader
IPL 2023: CSK ने KKR को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया, ये बने रिकॉर्ड्स 
CSK ने दर्ज की पांचवी जीत (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: CSK ने KKR को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया, ये बने रिकॉर्ड्स 

Apr 23, 2023
11:43 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 33वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 49 रन से हराकर अपनी पांचवी जीत दर्ज की है। इसके साथ ही CSK ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। ईडन गार्डन में खेले गए इस मैच में जीत के लिए मिले 236 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR 186/8 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

CSK ने दर्ज की जोरदार जीत 

CSK से डेवोन कॉनवे (56), अजिंक्य रहाणे (71*) और शिवम दूबे (50) ने ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाए और टीम ने 235/4 का स्कोर बनाया। इनके अलावा रुतुराज गायकवाड़ ने 35 रन का योगदान दिया। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR ने 2 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। इसके बाद भी लगातार गिर रहे विकेटों के बीच जेसन रॉय (61) और रिंकू सिंह (53*) ने अर्धशतक लगाए, लेकिन KKR लक्ष्य से दूर रह गई।

कॉनवे 

कॉनवे ने लगाया लगातार चौथा अर्धशतक 

पारी की शुरुआत करने वाले कॉनवे ने मौजूदा सीजन में अपना जोरदार फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने आज KKR के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और महज 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह IPL 2023 में उनका लगातार चौथा अर्धशतक है। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे कॉनवे 40 गेंदों में 56 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए।

उपलब्धि 

कॉनवे के नाम दर्ज हुई बड़ी उपलब्धि 

इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही कॉनवे के नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई है। वह IPL में लगातार 4 अर्धशतक जड़ने वाले नौवें बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में डेविड वार्नर, जोस बटलर, वीरेंद्र सहवाग पहले 3 पायदान पर काबिज हैं, जिन्होंने लगातार 5-5 अर्धशतक जमाए थे। इसी तरह विराट कोहली, ईशान किशन, फाफ डु प्लेसिस, शिखर धवन और केन विलियमसन अन्य बल्लेबाज हैं, जो कॉनवे से पहले लगातार 4-4 अर्धशतक जड़ चुके हैं।

दूबे 

शिवम दूबे ने लगाया अर्धशतक 

जब CSK ने 109 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया था, तब दूबे बल्लेबाजी के लिए आए। क्रीज पर आते ही उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना शुरू किया और महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक लगाया। उन्होंने 21 गेंदों में 2 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली। उन्होंने अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 85 रन की साझेदारी की।

रहाणे 

रहाणे ने जारी रखी शानदार फॉर्म

रहाणे ने 244.83 की स्ट्राइक रेट से 29 गेंद में 71* रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 5 बेहतरीन छक्के भी जमाए। IPL 2023 में रहाणे का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने मौजूदा सीजन में अब तक 5 मैचों में 52.25 की औसत और लगभग 200 की स्ट्राइक रेट से 209 रन बना लिए हैं। यह इस सीजन में उनके बल्ले से निकला दूसरा अर्धशतक है।

रॉय 

रॉय ने लगाया तेज अर्धशतक 

शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने बाद बल्लेबाजी करने उतरे जेसन रॉय ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए। उन्होंने पारी में 234.62 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंद में शानदार 61 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के जमाए। जेसन ने पांचवें विकेट के लिए साथी खिलाड़ी रिंकू सिंह के साथ मिलकर 37 गेंद में 65 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाते हुए टीम को मजबूत किया।

CSK

CSK ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

CSK की पूरी टीम ने आज कुल 18 छक्के लगाए। यह IPL में CSK का किसी 1 मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड बन गया है। CSK का आज का स्कोर (235/4) मौजूदा सीजन में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। यह CSK की ओर से IPL इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी हो गया है। बता दें कि CSK के दो सबसे बड़े स्कोर 246/5 (बनाम RR) और 240/5 (बनाम PBKS) है।

रिंकू 

रिंकू सिंह ने लगाया अर्धशतक 

रिंकू सिंह ने KKR के लिए हारी हुई लड़ाई लड़ी और मौजूदा सीजन में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 33 गेंदों में 53 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। IPL 2023 में रिंकू ने 7 मैचों में 58.25 की औसत और 157.43 की स्ट्राइक रेट से 233 रन बना लिए हैं। वह अब तक 13 चौके और 17 छक्के लगा चुके हैं।

जानकारी

शीर्ष स्थान पर पहुंची CSK 

अपनी पांचवी जीत हासिल करने वाली CSK अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ अपनी पांचवी शिकस्त झेलने वाली KKR तालिका में आठवें स्थान पर है। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः RR और LSG है।