Page Loader
'मांकडिंग' से लेकर 'रिटायर आउट' तक, जानें रविचंद्रन अश्विन ने कब-कब बटोरी सुर्खियां
हेटमायर और अश्विन (तस्वीर- Twitter/@IPL)

'मांकडिंग' से लेकर 'रिटायर आउट' तक, जानें रविचंद्रन अश्विन ने कब-कब बटोरी सुर्खियां

Apr 13, 2022
08:30 am

क्या है खबर?

भारतीय दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अपने प्रदर्शन से चर्चा में बने रहते हैं। इसके अलावा भी अश्विन मैदान पर कुछ अलग कर सुर्खियां बटोरते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में बीते रविवार को हुए मुकाबले में अपनी बल्लेबाजी के दौरान अश्विन आउट हुए बिना ही मैदान छोड़ कर चले गए। उन्हें रिटायर्ड आउट माना गया और वह एक बार फिर चर्चा में आ गए। ऐसे ही घटनाओं पर नजर डालते हैं जब अश्विन ने सुर्खियां बटोरी हों।

IPL 2019

जब अश्विन ने बटलर को किया मांकडिंग

IPL 2019 में 25 मार्च को पंजाब और राजस्थान के बीच मैच में अश्विन जब गेंदबाज़ी करने जा रहे थे, तब नॉन-स्ट्राइक एंड पर खड़े बटलर क्रीज से बाहर निकल गए, तभी अश्विन ने उन्हें बिना वार्निंग दिए मांकडिंग (रन आउट) कर दिया। क्रिकेट के नियमों के तहत बटलर आउट हुए, लेकिन इसे खेल भावना के विपरीत माना गया था। इस घटना पर काफी विवाद हुआ था और खेल जगत इस घटना पर दो भागों में बंट गया था।

जानकारी

मांकडिंग अब खेल भावना के खिलाफ नहीं

MCC के नए नियमों के मुताबिक 'मांकडिंग' के जरिए अब बल्लेबाज को आउट करना खेल भावना के खिलाफ नहीं माना जाएगा। यह अब रन आउट की श्रेणी में आएगा। ये नियम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1 अक्टूबर 2022 से लागू होंगे।

मुश्ताक अली ट्रॉफी 2019-20

जब तेज रन दौड़ने के चक्कर में अश्विन ने उतारे पेड

मुश्ताक अली ट्रॉफी 2019-20 का फाइनल तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच खेला गया। कर्नाटक ने पहले खेलते हुए 180 रन बनाए। जवाब में तमिलनाडु को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रनों की दरकार थी और क्रीज पर मुरुगन अश्विन मौजूद थे। नॉन स्ट्राइक में खड़े रविचंद्रन अश्विन ने अपने पेड उतार दिए और सिर्फ हेलमेट में नजर आने लगे। हालांकि, आखिरी गेंद पर मुरुगन बड़ा शॉट नहीं खेल सके और तमिलनाडु एक रन से मैच हार गई।

IPL 2022

रिटायर्ड आउट होकर फिर से चर्चा में आए अश्विन

अश्विन ने मुश्किल में फंसी राजस्थान के लिए 23 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली और शिमरोन हेटमायर के साथ 68 रनों की अहम साझेदारी की। अश्विन 19वें ओवर की दो गेंद होने के बाद अचानक मैदान छोड़कर चले गए। नियमों के मुताबिक वह रिटायर आउट हुए और रियान पराग बल्लेबाजी के लिए आए थे। अश्विन जानते थे कि रियान तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं और उन्हें मौका देना टीम के हित में होगा।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

अश्विन IPL के अब तक के इतिहास में रिटायर आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। बता दें रिटायर आउट होने वाला बल्लेबाज दोबारा बल्लेबाजी नहीं कर सकता है जबकि रिटायर हर्ट होने वाला बल्लेबाज दोबारा से बल्लेबाजी के लिए वापसी कर सकता है।