LOADING...
FIFA विश्व कप 2026: ईरान का अमेरिका में खेलने से इनकार, मैक्सिको में खेलने की मांग
ईरान का अमेरिका में खेलने से इनकार (तस्वीर: एक्स/@FIFAWorldCup)

FIFA विश्व कप 2026: ईरान का अमेरिका में खेलने से इनकार, मैक्सिको में खेलने की मांग

Mar 17, 2026
03:42 pm

क्या है खबर?

ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध से फुटबॉल जगत भी अछूता नहीं रहा है। इस साल अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में FIFA विश्व कप खेला जाना है, जिससे ईरान पीछे हटने की बात कह चुका है। अब खबर है कि ईरान विश्व कप में सशर्त खेलने के लिए तैयार हुआ है। ईरान की मांग है कि उनकी टीम इस वैश्विक संस्करण में तब ही हिस्सा लेगी, जब उनके मैच अमेरिका की जगह मैक्सिको में खेले जाएंगे।

पोस्ट 

ईरान ने मैक्सिको में अपने मैच खेलने की जताई इच्छा

ईरानी फुटबॉल प्रमुख मेहदी ताज ने देश के मैक्सिकन दूतावास के एक्स अकाउंट के जरिए कहा, 'जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ तौर पर कह दिया है कि वे ईरानी राष्ट्रीय टीम की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो हम निश्चित रूप से अमेरिका नहीं जाएंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'हम अभी FIFA के साथ बातचीत कर रहे हैं कि विश्व कप में ईरान के मैच मैक्सिको में करवाए जाएं।'

पूर्व बयान 

पिछले हफ्ते ईरान ने विश्व कप से हटने का किया था ऐलान 

पिछले हफ्ते ईरान के खेल मंत्री अहमद दोन्यामाली ने टूर्नामेंट से हटने का ऐलान किया था। उन्होंने सरकारी टेलीविजन पर कहा था, "यह देखते हुए कि इस भ्रष्ट सरकार (अमेरिका की) ने हमारे नेता की हत्या कर दी है, हम किसी भी हालत में फुटबॉल के विश्व कप में हिस्सा नहीं ले सकते।" बता दें कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमला करने के कारण 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई थी।

Advertisement

पूर्व पोस्ट 

ट्रंप ने ईरान की फुटबॉल टीम को दी थी ये सलाह 

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले हफ्ते ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का अमेरिका में होने वाले विश्व कप में हिस्सा नहीं लेने की सलाह दी थी। ट्रंप ने सोशल मीडिया साइट 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा था, 'ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का विश्व कप में स्वागत है, लेकिन मुझे सच में नहीं लगता कि उनके लिए वहां होना उचित है। खासकर उनकी अपनी जान और सुरक्षा के लिहाज से।'

Advertisement

कार्यक्रम 

कैसा है ईरान के FIFA विश्व कप का कार्यक्रम?

ईरान को 48 टीमों वाले इस विश्व कप के ग्रुप-G में बेल्जियम, न्यूजीलैंड और मिस्र के साथ रखा गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, इस मध्य-पूर्वी देश को 15 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉस एंजिल्स में अपने अभियान की शुरुआत करनी है। इसके बाद ईरान 21 जून को उसी जगह पर बेल्जियम से खेलेगा, और फिर ग्रुप-स्टेज के अपने आखिरी मैच में 26 जून को सिएटल (वॉशिंगटन) में मिस्र का सामना करेगा।

Advertisement