ईरान की फुटबॉल टीम FIFA विश्व कप में नहीं लेगी हिस्सा, खेल मंत्री ने की घोषणा
क्या है खबर?
आगामी 11 जून से शुरू होने वाले FIFA विश्व कप 2026 में ईरान की फुटबॉल टीम हिस्सा नहीं लेगी। दरअसल, ये टूर्नामेंट अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है और ईरान ने इससे पीछे हटने का फैसला किया है। ईरान के खेल मंत्री ने अहमद दोन्यामाली ने अमेरिका के साथ इस समय चल रहे युद्ध के बीच ये ऐलान किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा है।
बयान
हम किसी भी हाल में विश्व कप में नहीं लेंगे हिस्सा- दोन्यामाली
खेल मंत्री दोन्यामाली ने बुधवार को ईरान के सरकारी टेलीविजन पर कहा, "यह देखते हुए कि इस भ्रष्ट सरकार (अमेरिका की) ने हमारे नेता की हत्या कर दी है, हम किसी भी हालत में फुटबॉल के विश्व कप में हिस्सा नहीं ले सकते।" बता दें कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमला करने के कारण 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई थी।
पूर्व बयान
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की फुटबॉल टीम को अमेरिका जाने की दी थी मंजूरी
हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की फुटबॉल टीम का विश्व कप में हिस्सा लेने का स्वागत किया था। दरअसल, बीते मंगलवार रात FIFA प्रेसिडेंट जियानी इन्फेंटिनो ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की थी। उस बैठक के बाद इन्फेंटिनो ने कहा, "मैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिला। हमने ईरान के मौजूदा हालात पर चर्चा की। बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहराया कि ईरानी फुटबॉल टीम का बेशक अमेरिका में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए स्वागत है।"
ईरान
ईरान की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
FIFA विश्व कप में हिस्सा नहीं लेने के बाद ईरान की फुटबॉल टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, FIFA डिसिप्लिनरी कमेटी ईरान की टीम को सजा सुना सकती है। इन पाबंदियों में भविष्य के FIFA कॉम्पिटिशन से बाहर करना या किसी दूसरी एसोसिएशन से बदलना शामिल हो सकता है। ईरान ने 6 विश्व कप में हिस्सा लिया है, जिसमें ब्राजील, रूस और कतर में हुए पिछले 3 संस्करण शामिल हैं।
टीम
ईरान के हटने से किस टीम को मिल सकता है मौका?
अगर ईरान टूर्नामेंट से हट जाता है, तो FIFA के क्वालिफिकेशन नियमों के मुताबिक पश्चिमी एशिया की अगली सबसे अच्छी रैंक वाली टीम उनकी जगह लेगी। अभी, कतर की रैंक ईरान से ठीक नीचे है, लेकिन वह पहले ही क्वालिफाई कर चुका है। इससे इराक, जो इस महीने के आखिर में इंटर-कन्फेडरेशन प्लेऑफ में खेलने वाला है, ईरान की जगह भरने का एक संभावित उम्मीदवार बन जाता है। इस बीच UAE के पास भी मौका है।