
एजबेस्टन टेस्ट: भारत के खिलाफ इंग्लैंड ने गंवाए 3 विकेट, ऐसा रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में शुभमन गिल के दोहरे शतक (269) की बदौलत 587 रन बनाए। जवाब में दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक इंग्लैंड ने 3 विकेट खोकर 77 रन बनाए हैं। पहली पारी के आधार पर इंग्लिश टीम फिलहाल 510 रन से पीछे है। इस समय क्रीज पर हैरी ब्रूक (30) और जो रूट (18) बने हुए हैं। आइए दूसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
भारत
ऐसी रही भारत की पहली पारी
कल के स्कोर 310/5 से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम को आज गिल और रविंद्र जडेजा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। ऑलराउंडर जडेजा (89) अपने शतक से चूक गए और भोजनकाल तक भारत ने 419/6 का स्कोर बनाया। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर (42) ने गिल का अच्छा साथ निभाया और टीम का स्कोर 550 के पार पहुंचाया। सुंदर और गिल की जोड़ी ने 144 रन की साझेदारी की। भारत ने 151 ओवर में बल्लेबाजी करते हुए 587 रन बनाए।
गिल
इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बने गिल
गिल ने दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान 311 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। वह 387 गेंदों में 269 रन बनाकर 8वें विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने अपनी इस मैराथन पारी में 30 चौके और 3 छक्के लगाए। गिल की इस अविश्वसनीय पारी का अंत जोश टंग ने किया। इसके साथ ही गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बनें।
रिकॉर्ड्स
टेस्ट में सर्वोच्च पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने गिल
गिल टेस्ट में सर्वोच्च पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज था। बता दें कि कोहली ने 2019 में भारतीय टीम की अगुआई करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 254 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे पायदान पर भी कोहली (243 रन बनाम श्रीलंका, 2017) है। गिल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर के 5,000 रन भी पूरे किए। उन्होंने सिर्फ 63 मैचों में यह आंकड़ा छूआ।
जडेजा
अपने शतक से चूके जडेजा
भारत ने मैच के पहले दिन जब 211 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया था, तब जडेजा क्रीज पर आए। उन्होंने भारतीय कप्तान गिल का अच्छा साथ निभाया और टिककर बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का 23वां अर्धशतक रहा। अच्छी लय में नजर आ रहे जडेजा 137 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का लगाया।
जानकारी
सुंदर ने खेली 42 रन की पारी
भारत ने जब 414 के स्कोर पर अपना छठा विकेट खोया, तब सुंदर क्रीज पर आए। वह अपने टेस्ट करियर के 5वें अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 103 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 42 रन बनाए।
इंग्लैंड
इंग्लैंड को लगे शुरुआती झटके
बड़े स्कोर के जवाब में इंग्लैंड की खराब शुरुआत रही। मेजबान टीम ने सिर्फ 25 रन के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए। इस बीच आकाश दीप ने अपने 1 ही ओवर में इंग्लिश टीम को 2 झटके दिए। उन्होंने बेन डकेट (0) को खाता भी नहीं खोलने दिया। इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए ओली पोप भी शून्य पर आउट हुए। जैक क्रॉली (19) का विकेट मोहम्मद सिराज ने लिया।