Page Loader
टोक्यो ओलंपिक: महिला हॉकी टीम ने गंवाया कांस्य जीतने का मौका, ऐसा रहा भारत का दिन
भारतीय महिलाओं ने गंवाया ओलंपिक पदक जीतने का मौका

टोक्यो ओलंपिक: महिला हॉकी टीम ने गंवाया कांस्य जीतने का मौका, ऐसा रहा भारत का दिन

लेखन Neeraj Pandey
Aug 06, 2021
06:31 pm

क्या है खबर?

टोक्यो ओलंपिक में आज का दिन भारत के लिए उम्मीदों से भरा रहा। भारतीय महिला हॉकी टीम को कांस्य पदक वाले मुकाबले में हार मिली। भारतीय महिलाओं ने बेहद शानदार खेल दिखाया, लेकिन आज के मैच में उन्हें भाग्य का साथ नहीं मिला। इसके अलावा कुश्ती और गोल्फ में भारत को पदक की उम्मीदें दिख रही हैं। हालांकि, कुश्ती में बजरंग पुनिया ने फाइनल में जाने का मौका गंवाया है। आइए जानते हैं कैसा रहा भारत का आज का दिन।

हॉकी

ब्रिटेन ने तोड़ा महिला हॉकी टीम का ओलंपिक पदक जीतने का सपना

टोक्यो ओलंपिक 2020 के कांस्य पदक वाले मुकाबले में ग्रेट ब्रिटेन ने भारतीय महिला हॉकी टीम को 4-3 से हरा दिया है। इस हार के साथ ही भारतीय महिलाओं का ओलंपिक पदक जीतने का सपना टूट गया है। 2-0 से पिछड़ने के बाद भारत ने 3-2 की शानदार बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन अंतिम दो क्वार्टर में ब्रिटेन का खेल अच्छा रहा और उन्होंने जीत हासिल की।

कुश्ती

सेमीफाइनल में हारे बजरंग, कांस्य की बची है उम्मीद

बजरंग पुनिया ने टोक्यो ओलंपिक के अपने पहले मुकाबले में किर्गिस्तान के एर्नाजर आक्मतालिएव को 3-3 से हराया था। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में इरान के मोर्तजा घासी के खिलाफ पिन फॉल से जीत हासिल की थी। सेमीफाइनल मुकाबले में उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह 5-12 के बड़े अंतर से हार गए। बजरंग अब भी ओलंपिक पदक के साथ भारत वापस जा सकते हैं क्योंकि उन्हें कांस्य पदक के लिए एक और मुकाबला मिलने वाला है।

गोल्फ

गोल्फ में पहला ओलंपिक पदक आने की जगी उम्मीद

भारतीय महिला गोल्फर अदिति अशोक ने गोल्फ में भारत को ओलंपिक में पहला पदक मिलने की उम्मीद मजबूत कर दी है। अदिति फिलहाल दूसरे नंबर पर हैं और वह फाइनल मुकाबले से पहले रजत पदक पाने की होड़ में हैं। फाइनल कल खेला जाना है। अच्छा प्रदर्शन करके वह स्वर्ण या फिर कम से कम रजत पदक हासिल कर सकती हैं। खराब मौसम के कारण यदि फाइनल नहीं हुआ तब भी अदिति का रजत पक्का है।

महिला कुश्ती

महिला वर्ग में समाप्त हुई भारत की कुश्ती में चुनौती

महिलाओं की 50 किग्रा वर्ग में सीमा बिस्ला भी अपना पहला मैच हार गई।क्वार्टर फाइनल में सारा हम्दी ने सीमा को 3-1 से हरा दिया। अगले राउंड में हम्दी भी हार गई और सीमा के रेपचेज राउंड में खेलने के रास्ते भी बंद हो गए। सीमा के हारने के साथ ही टोक्यो ओलंपिक में महिला वर्ग की कुश्ती में भारत का सफर बिना किसी पदक के समाप्त हो गया।