वनप्लस 9 सीरीज के फोन्स में मिलेगा ओप्पो का कस्टम OS, हुआ कन्फर्म

वनप्लस की नई वनप्लस 9 सीरीज के स्मार्टफोन्स 23 मार्च को लॉन्च होने वाले हैं और अब इनके सॉफ्टवेयर से जुड़ा अपडेट सामने आया है। कंपनी वनप्लस 9 सीरीज के डिवाइसेज को दो एंड्रॉयड स्किन्स के साथ लेकर आएगी। चीन में इन डिवाइसेज में ओप्पो का कस्टम कलर OS मिलेगा, वहीं बाकी मार्केट्स में ये फोन ऑक्सीजन OS के साथ आएंगे। इससे पहले तक कंपनी चीन में अपने डिवाइस हाइड्रोजन OS के साथ ला रही थी।
वनप्लस CEO पेटे लाउ ने अपने वीबो अकाउंट से इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वनप्लस 9 सीरीज के फोन्स को चीन में कलर OS प्री-इंस्टॉल्ड मिलेगा, हालांकि हाइड्रोजन OS के साथ काम कर रहे डिवाइसेज को भी सपोर्ट मिलता रहेगा। आधिकारिक कलर OS वीबो पेज पर भी एक वेलकम मेसेज इस घोषणा के बाद शेयर किया गया है। कलर OS टेक कंपनी ओप्पो का एंड्रॉयड बेस्ड कस्टम ऑपरेटिंग सिस्टम है और ओप्पो स्मार्टफोन्स में मिलता है।
ओप्पो के सबब्रैंड से अलग कंपनी बनी रियलमी के डिवाइसेज में लंबे वक्त तक कलर OS यूजर्स इंटरफेस मिलता रहा। अब रियलमी अपनी अलग पहचान बनाने के लिए खुद का एंड्रॉयड स्किन रियलमी UI ले आई है। यह देखना अजीब है कि जहां ओप्पो का सबब्रैंड रह चुकी रियलमी ने कलर OS का इस्तेमाल बंद कर दिया, एक बिल्कुल अलग ब्रैंड के तौर पर काम कर रही वनप्लस इसका इस्तेमाल शुरू करने जा रही है।
वनप्लस अपने पुराने डिवाइसेज को हाइड्रोजन OS से कलर OS पर अपडेट नहीं करेगी और उन्हें सपोर्ट मिलता रहेगा। हालांकि, नए डिवाइसेज के लिए कंपनी को अलग-अलग सॉफ्टवेयर पर फोकस बांटना नहीं होगा। इसके अलावा चीन में यूजर्स को कलर OS टीम के साथ बेहतर सॉफ्टवेयर सपोर्ट मिलेगा, जो हाइड्रोजन OS टीम के मुकाबले काफी बड़ी है। बता दें, वनप्लस और ओप्पो की R&D (रिसर्च एंड डिवेलपमेंट) टीमों ने बीते दिनों साथ मिलकर काम करने का फैसला किया है।
वनप्लस 9 सीरीज के डिवाइसेज का ग्लोबल लॉन्च 23 मार्च को शेड्यूल किया गया है लेकिन चीन में कंपनी 24 मार्च को एक स्पेशल इवेंट करने वाली है। भारत में कंपनी वनप्लस 9 और वनप्लस 9 प्रो के अलावा एक अफॉर्डेबल मॉडल वनप्लस 9R भी लॉन्च करने वाली है। इसी इवेंट में वनप्लस की पहली स्मार्टवॉच वनप्लस वॉच भी लॉन्च की जाएगी, जिससे जुड़े लीक्स लंबे वक्त से सामने आ रहे हैं।