Page Loader
नासा ने रद्द कर दिया अपना मून रोवर मिशन, यहां जानिए वजह
नासा ने रद्द कर दिया अपना मून रोवर मिशन (तस्वीर: पिक्साबे)

नासा ने रद्द कर दिया अपना मून रोवर मिशन, यहां जानिए वजह

Jul 18, 2024
09:56 am

क्या है खबर?

नासा ने बीते दिन (17 जुलाई) वाष्पशील ध्रुवीय अन्वेषण रोवर (वाइपर) नामक अपने मून रोवर मिशन को रद्द कर दिया। हालांकि, अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि वह मिशन को भले ही रद्द कर रही है, लेकिन चंद्रमा के बारे में और अध्ययन और जांच करना जारी रखेगी। पहले यह मिशन 2023 में लॉन्च होने वाला था, लेकिन इसे बढ़ा कर 2024 कर दिया गया। इसके लॉन्च समय को फिर से बढ़ाया गया और सितंबर, 2025 निर्धारित किया गया था।

वजह

क्यों रद्द किया गया मिशन?

एजेंसी ने बुधवार को बजट संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए वाइपर नामक अपने इस मिशन को रद्द किया है। अंतरिक्ष एजेंसी नासा के इस मून रोवर मिशन की कुल लागत 45 करोड़ डॉलर (लगभग 3,760 करोड़ रुपये) थी। नासा ने लागत में वृद्धि, लॉन्च की तारीख में देरी और भविष्य में लागत वृद्धि के जोखिमों को मिशन पर रोक लगाने के कारणों के रूप में बताया है।

योजना

अब रोवर का क्या होगा? 

अंतरिक्ष एजेंसी आगामी चंद्रमा मिशनों के लिए वाइपर के उपकरणों और घटकों को अलग करने और उनका पुनः उपयोग करने की योजना बना रही है। वाइपर रोवर को चंद्रमा पर बर्फ और अन्य मूल्यवान संसाधनों के बारे में पता लगाने के लिए बनाया गया था। यह चंद्रमा की जांच करने और हमारे सौरमंडल के भीतर प्रमुख रहस्यों को उजागर करने के नासा के मिशन को आगे बढ़ाता। नासा चंद्रमा के लिए भविष्य में कई अन्य मिशनों को लॉन्च करेगी।